सेवा संकल्प अभियान में सहभागी बनें, सेवा और जनभागीदारी से विकसित जशपुर के संकल्प को साकार करें – नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होंगे सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम
17 सितंबर को शाम 7 बजे अपने अपने घरों में एक दिया जरूर जलाएं
जशपुर : नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत ने जिलेवासियों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल शासकीय कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और जनकल्याण की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का सामूहिक प्रयास है।
अभियान के दौरान गांव, वार्ड, विकासखंड एवं जिला स्तर पर विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ अभियान का शुभारंभ होगा। उन्होंने जिलेवासियों से आग्रह किया कि इस अवसर पर अपने घर, प्रतिष्ठान या संस्था में आशीर्वाद एवं शुभकामना के प्रतीक के रूप में एक दीया प्रज्ज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराएं।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत विभिन्न दिवसों में ‘सेवा सेतु’, स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, ‘आंगन उत्सव’, जनजागरूकता कार्यक्रम, सांस्कृतिक गतिविधियां, नुक्कड़ नाटक, एवं बाइक रैली सहित अनेक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
हर वर्ग की सहभागिता से अभियान बनेगा जनआंदोलन
जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, रंगकर्मियों, साहित्यकारों, किसानों, व्यापारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं जिले के सभी प्रबुद्ध नागरिकों से इन कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों की भागीदारी से सेवा संकल्प अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है।


