डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में अतिक्रमण करने वालों पर यातायात पुलिस की प्रभावी कार्यवाही लगातार जारी
मालवीय रोड एवं एमजी रोड में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त कार्यवाही
नो पार्किंग में खड़े वाहनो पर की गई कार्यवाही
रायपुर : राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले व्यवसायियों तथा नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों के विरुद्ध यातायात पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित पार्किंग के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है।
मालवीय रोड में अतिक्रमण के विरुद्ध कार्यवाही
इसी क्रम में मालवीय रोड क्षेत्र में एसीपी ट्रैफिक कमलजीत पाटले के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने हेतु गठित यातायात पुलिस की टीम द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है।
कार्यवाही के दौरान सड़क एवं फुटपाथ पर दुकान का सामान बाहर निकालकर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों एवं व्यवसायियों को समझाइश दी गई। उन्हें स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि दुकान की निर्धारित सीमा से बाहर सामान रखकर सड़क अथवा फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें, जिससे आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो।
यातायात पुलिस द्वारा लगातार समझाइश के बावजूद नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्यवाही की गई। आज की कार्यवाही के दौरान नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े 09 वाहनों को यातायात पुलिस की क्रेन के माध्यम से हटाकर चालानी कार्यवाही की गई।
यातायात पुलिस द्वारा क्षेत्र के दुकानदारों एवं वाहन चालकों को समझाइश दी गई कि सड़क को व्यवसायिक गतिविधियों एवं अनाधिकृत पार्किंग के लिए उपयोग न करें। अतिक्रमण एवं गलत पार्किंग के कारण यातायात बाधित होने के साथ-साथ पैदल चलने वाले नागरिकों को भी परेशानी होती है।
एमजी रोड में नगर निगम एवं पुलिस की संयुक्त कार्यवाही
इसी क्रम में एमजी रोड क्षेत्र में एसीपी ट्रैफिक रमेश येरेवार के नेतृत्व में नगर निगम एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई।
संयुक्त कार्यवाही के दौरान दुकानों के सामने सड़क एवं फुटपाथ की ओर बाहर निकालकर रखे गए डमी पुतलों एवं अन्य सामान को जब्त किया गया। साथ ही दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर रखे गए सामान को अंदर करवाते हुए सड़क एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
संयुक्त टीम द्वारा व्यापारियों एवं दुकानदारों को समझाइश देते हुए कहा गया कि वे अपनी दुकानों की निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यवसाय करें। दुकान के बाहर सड़क अथवा फुटपाथ पर डमी पुतले, डिस्प्ले सामग्री, टेबल, स्टैंड अथवा अन्य सामान रखकर यातायात एवं पैदल आवागमन में बाधा उत्पन्न न करें।
यातायात पुलिस की व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील
यातायात पुलिस द्वारा व्यापारियों से अपील की गई है कि सड़क एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने में पुलिस एवं नगर निगम का सहयोग करें। दुकानों के बाहर सामान फैलाकर रखने तथा वाहनों को नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़ा करने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
यातायात पुलिस द्वारा आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें तथा नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा न करें। व्यापारी अपनी दुकानों के बाहर सड़क एवं फुटपाथ पर किसी भी प्रकार की सामग्री रखकर अतिक्रमण न करें।


