संदिग्ध व्यक्तियों एवं चोरी/उठाईगिरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने पुलिस कमिश्नरेट रायपुर का विशेष अभियान
आगामी त्यौहार एवं भीड़-भाड़ के सीजन को देखते हुए तीनों जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सादे वस्त्र एवं वर्दीधारी पुलिस टीमों द्वारा एक साथ की गई सघन एवं आकस्मिक चेकिंग
संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर की गई विस्तृत पूछताछ, कुछ के विरुद्ध की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
रायपुर : आगामी त्यौहारों एवं भीड़-भाड़ के सीजन को दृष्टिगत रखते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा चोरी, उठाईगिरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आज पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के तीनों जोन अंतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष सघन एवं आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान विशेष रूप से ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी गई, जो अन्य राज्यों एवं शहरों से रायपुर आकर ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घूमते हुए चोरी एवं उठाईगिरी जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान एवं धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों द्वारा चिन्हित स्थानों पर सादे वस्त्रों एवं वर्दी में विशेष रूप से तैनात होकर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा एवं अन्य संदिग्ध वाहनों की जांच करते हुए उनमें सवार एवं आसपास संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ की गई। पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए आवश्यक जांच एवं पहचान की कार्रवाई की गई।
सेंट्रल जोन अंतर्गत विशेष चेकिंग
सेंट्रल जोन के थाना गंज क्षेत्र में रेलवे स्टेशन, फाफाडीह चौक एवं तेलघानी नाका, थाना गोलबाजार क्षेत्र में शास्त्री चौक एवं जयस्तंभ चौक, थाना देवेन्द्र नगर क्षेत्र में कपड़ा मार्केट तथा थाना कोतवाली क्षेत्र में कालीबाड़ी चौक सहित विभिन्न चिन्हित स्थानों पर सादे वस्त्रों एवं वर्दीधारी पुलिस टीमों द्वारा सघन एवं आकस्मिक चेकिंग की गई।
उक्त विशेष अभियान के दौरान थाना गोलबाजार पुलिस द्वारा संदिग्ध रूप से घूम रहे आरोपी मुकेश नायक उर्फ मुक्कु पिता स्व. लोचन नायक उम्र 20 वर्ष निवासी घड़ी चौक, लोहार पारा, थाना गोलबाजार,
जिला रायपुर को पकड़ा गया। आरोपी के विरुद्ध अवैध रूप से धारदार हथियार रखने के संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
वेस्ट जोन अंतर्गत विशेष चेकिंग
वेस्ट जोन के थाना टिकरापारा क्षेत्र में पचपेड़ी नाका एवं बस स्टैंड, थाना आजाद चौक क्षेत्र में आमापारा तिराहा, थाना सरस्वती नगर क्षेत्र,थाना डी.डी. नगर क्षेत्र में राजपुर चौक, थाना आमानाका क्षेत्र में टाटीबंध एवं अन्य चिन्हित स्थानों पर पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर सघन जांच एवं पूछताछ की गई।
नॉर्थ जोन अंतर्गत विशेष चेकिंग
नॉर्थ जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में थाना खमतराई क्षेत्र के खमतराई बाजार एवं भनपुरी, थाना गुढ़ियारी क्षेत्र में स्टेशन के पीछे तथा थाना पंडरी क्षेत्र के दलदल सिवनी सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर सघन एवं आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान संदिग्ध रूप से घूम रहे कुछ व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें संबंधित थानों लाया गया, जहां उनसे विस्तृत पूछताछ की गई तथा उनकी गतिविधियों एवं पूर्ववृत्तों के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई गई। जांच एवं पूछताछ के दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध परिस्थितियों एवं उनके आचरण को दृष्टिगत रखते हुए नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा चोरी एवं उठाईगिरी की घटनाओं में संलिप्त अथवा इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल होने की आशंका वाले संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर आम नागरिकों से अपील करता है कि यदि आपके आसपास कोई भी संदिग्ध महिला, पुरुष अथवा किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी सूचना तत्काल डायल 112, पुलिस कंट्रोल रूम अथवा अपने नजदीकी पुलिस थाना को दें। आम नागरिकों द्वारा समय पर दी गई सूचना चोरी, उठाईगिरी एवं अन्य अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
आगामी त्यौहारों एवं भीड़-भाड़ के सीजन को दृष्टिगत रखते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा एवं चोरी, उठाईगिरी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी अचानक एवं आकस्मिक रूप से चलाए जाते रहेंगे।


