विश्रामपुर में चोरी की 3 वारदातों को अंजाम देने के मामले में थाना विश्रामपुर पुलिस ने 2 विधि विरूद्ध संघर्षरत् बालक सहित 4 को पकड़ा।
सूरजपुर : ग्राम केशवनगर निवासी नूरैन सिद्दीकी ने थाना विश्रामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि केशवनगर मेन रोड स्थित बिजली दुकान में दिनांक 05.09.2026 के दरम्यानी रात अज्ञात चोरों द्वारा दुकान का ताला तोड़कर दुकान से कॉपर केबल एवं अन्य सामान कीमती 1 लाख 50 हजार रूपये का चोरी कर ले गए है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 216/26 धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने चोरों की पतासाजी कर जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन के मार्गदर्शन में थाना विश्रामपुर पुलिस ने मामले की विवेचना के दौरान मुखबीर की सूचना पर संदेही 2 विधि से संघर्षरत् बालकों को पकड़ा गया। पूछताछ पर दोनों ने केशवनगर बिजली दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ पर दोनों ने बताया कि चोरी के केबल वायर को जलाकर इम्तियाज खान निवासी अम्बिकापुर को बिक्री कर दिए है। इसके अलावा दिनांक 12.06.2026 को 1-बी कालोनी विश्रामपुर के मिथलेश गुप्ता के यहां से 51 हजार रूपये नगद एवं सोने चांदी के जेवर को चोरी कर अर्जुन सोनी को बिक्री कर दिए नगदी रकम को खर्च कर दिए। (इस मामले में विश्रामपुर में अपराध क्र. 215/26 धारा 331(4), 331(4), 305(ए) के तहत मामला दर्ज है)
इसी प्रकार विश्रामपुर 1-बी कालोनी मंगतराम चौक निवासी संतोष साहू के यहां से 50 हजार नगदी रकम व सोने चांदी के जेवर चोरी कर उसे भी अर्जुन सोनी को बिक्री किए है। (इस मामले में विश्रामपुर में अपराध क्रमांक 148/26 धारा 331(4), 305 (ए) के तहत मामला पंजीबद्ध है)
मामले में आरोपी इम्तियाज खान पिता नसीम खान उम्र 36 वर्ष सा. मोमिनपुरा थाना कोतवाली अम्बिकापुर एवं अर्जुन सोनी पिता संतोष सोनी उम्र 31 वर्ष निवासी तलवापारा शिवनंदनपुर को पकड़ा गया। दोनों ने चोरी का सामान खरीदना स्वीकार किया। आरोपी इम्तियाज के कब्जे से केबल वायर 7 किलो 500 ग्राम बरामद किया गया।
प्रकरण में आरोपी अर्जुन सोनी व इम्तियाज खान को गिरफ्तार किया गया एवं 2 विधि से संघर्षरत् बालकों को विधि के अनुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपी अर्जुन सोनी पूर्व में चोरी के सामान खरीदने के अपराध में गिरफ्तार किया गया था जो थाना बिश्रामपुर का निगरानीशुदा बदमाश भी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विश्रामपुर रूपेश कुंतल, एएसआई हरिशंकर तिवारी, प्रधान आरक्षक दरश देवांगन, आरक्षक अजय प्रताप सिंह सक्रिय रहे।


