36 टीमों की चुनौती पार कर डीआरजी सुकमा बना चैंपियन, अब ABL सीजन-3 में 77 खिलाड़ी दिखाएंगे दम
खेल के मैदान से अबूझमाड़ में विश्वास और सकारात्मक बदलाव की नई कहानी
नारायणपुर : जिले में खेल, आपसी सौहार्द, टीम भावना एवं सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित वीर स्मृति बैडमिंटन कप का आज रामकृष्ण मिशन इंडोर स्टेडियम, नारायणपुर में भव्य समापन हुआ। इसी अवसर पर अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग (ABL) सीजन-3 का भी विधिवत शुभारंभ किया गया।
वीर स्मृति बैडमिंटन कप में 36 टीमों ने लिया हिस्सा
वीर स्मृति बैडमिंटन कप में बस्तर संभाग के सभी 7 जिलों की डीआरजी एवं एसटीएफ आईटीबीपी, बीएसएफ और सीआरपीएफ की विभिन्न टीमों सहित कुल 36 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबले में डीआरजी सुकमा एवं एसएसबी 28वीं बटालियन, कांकेर की टीम आमने-सामने रही। रोमांचक फाइनल मुकाबले में डीआरजी सुकमा ने लगातार दो सेट 2-0 से जीत दर्ज कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं डीआरजी बीजापुर ने प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेता डीआरजी सुकमा की टीम को अतिथियों द्वारा विजेता कप एवं बैडमिंटन रैकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।
अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 का भव्य शुभारंभ
वीर स्मृति बैडमिंटन कप के समापन के साथ ही अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग (ABL) सीजन-3 का भी भव्य शुभारंभ हुआ। इस सीजन में कुल 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं—
फरसबेडा डिफेंडर्स
तुलार टाइटंस
कुतुल नाइट राइडर्स
हांदावाड़ा रैकेटर्स
कच्चापाल ब्लास्टर्स
गारपा जायंट्स
इन छह टीमों में ऑक्शन के माध्यम से चयनित कुल 77 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के विजेता को ₹1,21,000, उपविजेता को ₹85,000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को ₹51,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
उद्घाटन दिवस पर 6 मुकाबलों में दिखा रोमांच
अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 के उद्घाटन अवसर पर 3 कोर्ट में डी एवं ई कैटेगरी के कुल 6 मुकाबले खेले गए। सभी मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया।
डी कैटेगरी
1. फरसबेडा डिफेंडर्स बनाम तुलार टाइटंस
विजेता – तुलार टाइटंस
2. कुतुल नाइट राइडर्स बनाम हांदावाड़ा रैकेटर्स
विजेता – कुतुल नाइट राइडर्स
3. कच्चापाल ब्लास्टर्स बनाम गारपा जायंट्स
विजेता – गारपा जायंट्स
ई कैटेगरी
1. फरसबेडा डिफेंडर्स बनाम तुलार टाइटंस
विजेता – तुलार टाइटंस
2. हांदावाड़ा रैकेटर्स बनाम कुतुल नाइट राइडर्स
विजेता – कुतुल नाइट राइडर्स
3. कच्चापाल ब्लास्टर्स बनाम गारपा जायंट्स
विजेता – गारपा जायंट्स
उद्घाटन दिवस के सभी मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। मुकाबलों के दौरान शानदार रैलियों और कड़े संघर्ष ने दर्शकों एवं खेलप्रेमियों का खूब उत्साह बढ़ाया।
खेल के माध्यम से विश्वास और सकारात्मक बदलाव
अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खेल के माध्यम से पुलिस, सुरक्षा बलों एवं स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर समन्वय, आपसी विश्वास और सकारात्मक वातावरण को मजबूत करने की पहल है।
नारायणपुर पुलिस द्वारा आयोजित ऐसे खेल आयोजनों के माध्यम से अबूझमाड़ की सकारात्मक पहचान को सामने लाने तथा युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है। विभिन्न जिलों एवं सुरक्षा बलों से आए खिलाड़ियों का एक साथ खेल मैदान में उतरना आपसी भाईचारे, टीम भावना और बेहतर समन्वय का प्रतीक है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि इन्द्र प्रसाद बघेल, नगर पालिका अध्यक्ष, नारायणपुर, डीआईजी कमलोचन कश्यप, श्रीमती नम्रता जैन, कलेक्टर, नारायणपुर, संदीप पटेल, पुलिस अधीक्षक, नारायणपुर, वेंकट एम.जी., डीएफओ, नारायणपुर, राजीव गुप्ता, कमाण्डेंट, 45वीं बटालियन आईटीबीपी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा, ऐश्वर्या चंद्राकर, स्वामी व्याप्तानंद सचिव रामकृष्ण मिशन आश्रम, नारायणपुर, देवानंद रस्तोगी, प्रबंधक, बीएसपी रावघाट, एच.एन. झा सहायक प्रबंधक, जायसवाल नेक्को, सहित पुलिस, प्रशासन एवं सुरक्षा बलों के अधिकारी उपस्थित रहे।
उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और आपसी विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों एवं सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय विकसित करने का अवसर मिलता है।
अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 के मुकाबले 12 सितंबर 2026 तक रामकृष्ण मिशन इंडोर स्टेडियम, नारायणपुर में जारी रहेंगे। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।


