प्रोजेक्ट ग्रीन पालना : पर्यावरण संरक्षण का संदेश, प्रसूता माताओं को हरियाली की भेंट
प्रत्येक प्रसूता माताओं को 5 पौधे दिए जा रहे
अब तक 13,191 माताओं को 65,955 पौधे किए गए वितरित
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता के अनुरूप रायपुर जिला प्रशासन द्वारा “प्रोजेक्ट ग्रीन पालना” अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस अभिनव पहल के तहत शासकीय अस्पतालों में प्रसव उपरांत माताओं को फलदार पौधे भेंट स्वरूप दिए जा रहे हैं, ताकि एक नई जिंदगी के आगमन के साथ धरती पर एक नया वृक्ष भी जन्म ले।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में इस अभियान के तहत आज पीएचसी कुरूद-कुटेला में 01, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजा तालाब में 01, अभनपुर में 01 एवं तिल्दा में 01 प्रसूता माताओं को पौधे भेंट किए गए।
उल्लेखनीय है कि इस अभियान के प्रारंभ से अब तक कुल 13,191 माताओं को 65,955 पौधे भेंट किए जा चुके हैं।


