केन्द्रीय विद्यालय में छात्रों ने सीखे जिंदगी के जरूरी हुनर! जीवन कौशल कार्यशाला में तनाव प्रबंधन से लेकर सही निर्णय लेने तक मिली खास सीख

केन्द्रीय विद्यालय में छात्रों ने सीखे जिंदगी के जरूरी हुनर! जीवन कौशल कार्यशाला में तनाव प्रबंधन से लेकर सही निर्णय लेने तक मिली खास सीख

केन्द्रीय विद्यालय में जीवन कौशल कार्यशाला का हुआ आयोजन

जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 10 सितम्बर 2026 को केन्द्रीय विद्यालय जशपुर में विद्यार्थियों के लिए जीवन कौशल कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्यालय की कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में दैनिक जीवन की परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से सकारात्मक सोच विकसित करना तथा मानसिक एवं सामाजिक रूप से स्वस्थ व्यवहार को बढ़ावा देना था।

 कार्यशाला के दौरान जीवन कौशल के विभिन्न आयामों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इनमें आत्म-जागरूकता, सहानुभूति, समस्या समाधान, निर्णय लेने की क्षमता, सृजनात्मक सोच, प्रभावी संप्रेषण, अंतरवैयक्तिक संबंध, तनाव से निपटना, भावनाओं पर नियंत्रण एवं आलोचनात्मक सोच जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे’ विद्यार्थियों को इन जीवन कौशलों को व्यवहारिक रूप से समझाने के लिए व्याख्यान, मॉडलिंग, खेल-कूद एवं विभिन्न गतिविधियों का उपयोग किया गया। गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को तनावपूर्ण परिस्थितियों में सकारात्मक सोच बनाये रखना, उचित निर्णय लेना, अपनी भावनाओं को नियंत्रित करना तथा दूसरों के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने के बारे में बताया गया। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि जीवन कौशल केवल शैक्षणिक सफलता के लिए ही नहीं, बल्कि बेहतर मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और स्वस्थ सामाजिक जीवन के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।

 कार्यशाला में जिला चिकित्सालय के साइकोलॉजिस्ट, सीनियर नर्सिंग अधिकारी एवं मनोसामाजिक कार्यकर्ता सहित संबंधित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। वहीं केन्द्रीय विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने कार्यशाला के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

Jashpur