सड़क घेरकर दुकानदारी और बेतरतीब पार्किंग पर अब सख्ती! मालवीय रोड में तीसरे दिन भी कार्रवाई, राजबंधा मैदान से हांडीपारा तक पुलिस ने हटाया अतिक्रमण

सड़क घेरकर दुकानदारी और बेतरतीब पार्किंग पर अब सख्ती! मालवीय रोड में तीसरे दिन भी कार्रवाई, राजबंधा मैदान से हांडीपारा तक पुलिस ने हटाया अतिक्रमण

अतिक्रमण एवं नो-पार्किंग के विरुद्ध यातायात पुलिस की लगातार प्रभावी कार्यवाही

मालवीय रोड में तीसरे दिन भी कार्यवाही, राजबंधा मैदान, मेडिकल कॉम्प्लेक्स, प्रेस कॉम्प्लेक्स एवं हांडीपारा में भी संयुक्त अभियान

रायपुर : शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशानुसार एवं पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. अर्चना झा के पर्यवेक्षण में सड़क एवं सार्वजनिक मार्गों पर यातायात में बाधक अतिक्रमण तथा अव्यवस्थित पार्किंग के विरुद्ध लगातार यातायात पुलिस एवं नगर निगम की टीम प्रहरी द्वारा कार्यवाही की जा रही है।

इसी क्रम में मालवीय रोड में लगातार तीसरे दिन एसीपी ट्रैफिक कमलजीत पाटले के नेतृत्व में यातायात थाना कालीबाड़ी प्रभारी मय स्टाफ तथा अतिक्रमण कार्यवाही हेतु गठित टीम द्वारा कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान दुकानों के बाहर सड़क की ओर सामान निकालकर व्यवसाय करने वाले व्यापारियों को समझाइश देकर सामान दुकान के अंदर कराया गया। सड़क पर अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वाले ठेलों को हटाया गया। साथ ही नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े 3 वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए प्रत्येक वाहन पर ₹300 का जुर्माना लगाया गया।

इसी अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत एसीपी ट्रैफिक रमेश येरेवार के नेतृत्व में अतिक्रमण कार्यवाही हेतु गठित टीम एवं नगर निगम की टीम प्रहरी द्वारा रजबंधा मैदान, मेडिकल कॉम्प्लेक्स एवं प्रेस कॉम्प्लेक्स के आसपास कार्यवाही की गई। इस दौरान नो-पार्किंग क्षेत्र में अस्त-व्यस्त तरीके से पार्क किए गए एवं यातायात में बाधक वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही  की गई। सड़क पर अवैध रूप से संचालित दुकानों एवं अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वालों के विरुद्ध भी नियमानुसार जुर्माने की कार्यवाही की गई। इस  दौरान 17 कार चालकों के विरुद्ध ई-चालान की कार्यवाही की गई तथा 6 मोटरसाइकिलें जप्त की गईं। इसके अतिरिक्त थाना शारदा चौक क्षेत्र के हांडीपारा में यातायात में बाधक बने लावारिस एवं कंडम वाहनों को हटाने की कार्यवाही की गई। कार्यवाही के बाद सड़क को व्यवस्थित कर यातायात आवागमन सुचारू कराया गया।

यातायात पुलिस द्वारा बताया गया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अतिक्रमण, अवैध पार्किंग एवं यातायात में बाधक वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगी।

यातायात पुलिस ने शहर के नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें, निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन पार्क करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Crime