जशपुर में विद्यार्थियों के लिए जीवन कौशल कार्यशाला का आयोजन
जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय जीवन कौशल कार्यशाला का आयोजन किया गया।
यह कार्यशाला 08 सितंबर 2026 को कल्याण आश्रम उ.मा.वि विद्यालय जशपुर में आयोजित की गई थी। कार्यशाला में कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यशाला में विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा निर्धारित जीवन कौशल के 10 महत्वपूर्ण आयामों के बारे में विस्तार से बताया गया। इसमें आत्म-जागरूकता, सहानुभूति, समस्या समाधान, निर्णय लेना, सृजनात्मक सोच, प्रभावी सम्प्रेषण, अंतःवैयक्तिक संबंध, तनाव से निपटना, भावुकता पर नियंत्रण और आलोचनात्मक सोच शामिल हैं। कार्यशाला को रोचक बनाने के लिए व्याख्यान, मॉडलिंग और खेल-कूद जैसी गतिविधियों का सहारा लिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि कैसे सकारात्मक सोच, गहरी सांस लेना, योग और व्यायाम से तनाव को कम किया जा सकता है। इस कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के साइकोलॉजिस्ट, सीनियर नर्सिंग अधिकारी, कार्यकर्ता ने अपनी सेवाएं दीं। कल्याण आश्रम विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने कार्यशाला के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।


