छात्रवृत्ति का मौका न चूकें! जशपुर के दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए 30 सितंबर तक आवेदन, DBT से सीधे बैंक खाते में पहुंचेगी राशि

छात्रवृत्ति का मौका न चूकें! जशपुर के दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए 30 सितंबर तक आवेदन, DBT से सीधे बैंक खाते में पहुंचेगी राशि

दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति आवेदन 30 सितंबर तक

एनसीपी पोर्टल के माध्यम से कक्षा पहली से 12 वीं तक के विद्यार्थी कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

जशपुर : जिले में अध्ययनरत कक्षा पहली से 12वीं तक के दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के माध्यम से छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जारी है। पात्र विद्यार्थी 30 सितंबर 2026 तक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं। छात्रवृत्ति हेतु आवेदन करने के लिए विद्यार्थियों को सबसे पहले नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद अप्लाई टु स्कालरशीप विकल्प में लॉगिन कर आधार का सत्यापन करना होगा। आधार सत्यापन के पश्चात मांगी गई आवश्यक जानकारी दर्ज कर आवेदन पूर्ण करना होगा। आवेदन के लिए मूल निवास प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, नवीनतम आय प्रमाण पत्र तथा पूर्व वर्ष की अंकसूची सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य है।

 ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद आवेदन संबंधित विद्यालय की संस्था आईडी में प्रदर्शित होगा। विद्यालय के प्रधान पाठक अथवा प्राचार्य द्वारा आवेदन का सत्यापन कर उसे समाज कल्याण विभाग, जशपुर की आईडी में अग्रेषित किया जाएगा। इसके पश्चात समाज कल्याण विभाग द्वारा आवेदन को राज्य स्तर पर भेजा जाएगा और पात्र विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से छात्रवृत्ति की राशि उनके बैंक खाते में प्रदान की जाएगी। छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया के लिए संबंधित विद्यालय अथवा शैक्षणिक संस्था का एनसीपी पोर्टल पर पंजीयन होना आवश्यक है। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक ने जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थाओं में अध्ययनरत दिव्यांग छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा में अपने विद्यालय, शैक्षणिक संस्था के माध्यम से अथवा स्वयं की सुविधा के अनुसार एनसीपी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन अवश्य करें। आवेदन प्रक्रिया से संबंधित किसी भी समस्या या जानकारी के लिए समाज कल्याण विभाग, जिला जशपुर, कक्ष क्रमांक 20, जिला पंचायत में संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त श्री धनंजय सिन्हा, मोबाइल नंबर 9144732353 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Jashpur