दुर्ग-भिलाई में यातायात पुलिस और नगर निगमों की संयुक्त कार्यवाही अतिक्रमण के विरुद्ध विगत 2 माह में 27 बार चला अभियान, आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की पहल।
दुर्ग एवं भिलाई नगर निगम के साथ मिलकर संयुक्त कार्यवाही इंदिरा मार्केट, सराफा मार्केट, आकाशगंगा, जवाहर मार्केट एवं सिविक सेंटर सहित प्रमुख क्षेत्रों से हटाया गया अतिक्रमण।
व्यापारियों के साथ बैठक कर वाइट मार्किंग, पार्किंग चिन्हांकन और सुगम यातायात व्यवस्था बनाने पर हुई विस्तृत चर्चा।
नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 3,475 वाहन चालकों के विरुद्ध ‘नो पार्किंग’ के तहत की गई ई-चालान की कार्रवाई।
अतिक्रमण की कार्यवाही के दौरान नगर निगम भिलाई द्वारा 15000 एवं नगर निगम दुर्ग द्वारा 11550 का भी चालान किया गया।
दुर्ग : उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और बाधारहित बनाने के उद्देश्य से निरंतर प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, विगत दो महीनों से नगर निगम दुर्ग एवं नगर निगम भिलाई की टीमों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्यवाही की जा रही है।
प्रमुख बाजारों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में संयुक्त कार्यवाही :- कार्यवाही के दौरान दुर्ग निगम क्षेत्र के अंतर्गत इंदिरा मार्केट, सराफा मार्केट, समृद्धि मार्केट, बस स्टैंड, शनिचरी मार्केट एवं स्टेशन रोड तथा भिलाई निगम क्षेत्र के अंतर्गत आकाशगंगा जोन, जवाहर मार्केट, सिविक सेंटर, जुनवानी रोड (अवंतीबाई चौक), नेहरू नगर चौक, सूर्या मॉल चौक, सुपेला चौक से गदा चौक, सुपेला से पावर हाउस सर्विस रोड एवं नंदिनी रोड (छावनी चौक) तक वृहद स्तर पर अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़कों और फुटपाथों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाते हुए आवागमन को सुचारू बनाया गया।
व्यापारियों के साथ बैठक एवं त्योहारों को लेकर विशेष योजना:- अभियान के दौरान दुर्ग पुलिस एवं यातायात पुलिस द्वारा इंदिरा मार्केट, सराफा मार्केट, आकाशगंगा जोन, जवाहर मार्केट एवं सिविक सेंटर क्षेत्र के व्यापारी संघों और दुकानदारों के साथ लगातार बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में व्यापारियों के विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा की गई। आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए बाजारों में सुव्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के लिए निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्णय एवं प्रयास किए गए:-
दुकानों के बाहर सीमा तय करने हेतु वाइट मार्किंग (White Marking) करवाना।
वाहनों के व्यवस्थित ठहराव के लिए पार्किंग स्थलों को चिन्हांकित (Parking Marking) करना।
ग्राहकों एवं राहगीरों की सुविधा हेतु पार्किंग व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाना।
पुलिस द्वारा दुकानदारों को सख्त हिदायत भी दी गई कि वे अपनी दुकानों का सामान वाइट लाइन के बाहर सड़क या फुटपाथ पर न फैलाएं तथा ग्राहकों को निर्धारित पार्किंग स्थान पर ही वाहन खड़े करने के लिए प्रेरित करें।
अतिक्रमण हटाने और यातायात नियमों का पालन कराने की इस मुहिम के दौरान विगत 2 माह में कुल 3,475 वाहन चालकों पर ‘नो पार्किंग’ की धारा के तहत ई-चालान की कार्यवाही की गई है। साथ ही नगर निगम अतिक्रमण की कार्यवाही के दौरान नगर निगम भिलाई द्वारा 15000 एवं नगर निगम दुर्ग द्वारा 11550 का भी चालान किया गया।
यातायात पुलिस दुर्ग ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाने और त्योहारों के दौरान सुचारू आवागमन बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

