शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो युवक पर चाकू से हमला, जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार; आधा दर्जन से ज्यादा गंभीर अपराध दर्ज

शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो युवक पर चाकू से हमला, जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार; आधा दर्जन से ज्यादा गंभीर अपराध दर्ज

शराब पीने के लिए पैसे मांगकर युवक से गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी एवं चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद

आरोपी के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित आधा दर्जन से अधिक गंभीर अपराध पूर्व से पंजीबद्ध

रायपुर : प्रार्थी अमन पटेल द्वारा थाना आजाद चौक में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 31.08.2026 को दोपहर करीब 12:00 बजे वह आजाद चौक क्षेत्रांतर्गत स्थित एक चाय दुकान में चाय पीने गया था। इसी दौरान एक युवक उसके पास आया तथा उसका पता पूछते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने लगा।

प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी उसके साथ अश्लील गाली-गलौज करने लगा। प्रार्थी द्वारा गाली-गलौज करने से मना करने पर आरोपी ने पुनः शराब पीने के लिए पैसे देने की मांग की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे किसी नुकीली वस्तु से प्रार्थी पर वार कर दिया। हमले में प्रार्थी को चोटें आईं, जिसका उपचार एम्स अस्पताल में चल रहा है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना आजाद चौक में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 205/26, धारा 119(1), 296, 351(2), 115(2) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

आरोपी का न्यायालय में समर्पण

प्रकरण में आरोपी अभय रक्सेल द्वारा दिनांक 05.06.2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष समर्पण किया गया था। पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। पूछताछ एवं विवेचना के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद कर जप्त किया गया तथा आरोपी के विरुद्ध  कार्यवाही की गई।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

गिरफ्तार आरोपी अभय रक्सेल के विरुद्ध रायपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास के 03 प्रकरणों सहित बलवा, आर्म्स एक्ट, लूट, मारपीट एवं अन्य गंभीर अपराधों के आधा दर्जन से अधिक प्रकरण पूर्व से पंजीबद्ध हैं। आरोपी पूर्व में भी इन प्रकरणों में जेल निरुद्ध रह चुका है। इसके अतिरिक्त आरोपी के विरुद्ध पूर्व में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत भी कार्यवाही की जा चुकी है।

गिरफ्तार आरोपी – अभय रक्सेल पिता भारत रक्सेल उम्र 20 वर्ष निवासी रजबंधा मैदान थाना मौदहापारा रायपुर।

Crime