खेल मैदान में चमकेंगे जशपुर के सितारे! एथलेटिक्स से तीरंदाजी, फुटबॉल से कुश्ती तक 12 खेलों में होगी प्रतिभा की परीक्षा, खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

खेल मैदान में चमकेंगे जशपुर के सितारे! एथलेटिक्स से तीरंदाजी, फुटबॉल से कुश्ती तक 12 खेलों में होगी प्रतिभा की परीक्षा, खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

सरगुजा ओलंपिक 2026-27 में 12 खेल विधाओं में होगी प्रतियोगिता

जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ी दिखाएंगे अपनी खेल प्रतिभा, ऑनलाइन पंजीयन शुरू

छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें तराशने का सुनहरा अवसर: कलेक्टर श्री रोहित व्यास

जशपुर : छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवाओं की खेल प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें निखारने और भविष्य के लिए बेहतर खिलाड़ी तैयार करने के उद्देश्य से सरगुजा ओलंपिक 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के तहत कुल 12 खेल विधाओं में विकासखंड, जिला एवं संभाग स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सरगुजा ओलंपिक को जिले के खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण एवं बेहतर मंच बताते हुए कहा कि यह आयोजन स्थानीय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें तराशने का सुनहरा अवसर है। प्रतियोगिताओं में भाग लेने से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव मिलेगा और बड़े आयोजनों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा। उन्होंने अधिकारियों को सरगुजा ओलंपिक का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सरगुजा ओलंपिक के लिए खिलाड़ी निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल https://sportsyw.cg.gov.in/sargujaOlympic पर जाकर पंजीयन कर सकते हैं। इसके अलावा क्यूआर कोड के माध्यम से भी पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

 12 खेल विधाओं में होगी प्रतियोगिता

सरगुजा ओलंपिक में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और रस्साकसी सहित कुल 12 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो तथा 4×100 मीटर रिले रेस आयोजित की जाएगी। तीरंदाजी में इंडियन राउंड 30 मीटर एवं 50 मीटर की स्पर्धाएं होंगी। इसके साथ ही बैडमिंटन और फुटबॉल सहित अन्य खेलों में भी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

जूनियर और सीनियर वर्ग में होंगे मुकाबले

सरगुजा ओलंपिक में जूनियर वर्ग के लिए 14 से 17 वर्ष तथा सीनियर वर्ग के लिए 17 वर्ष से अधिक आयु निर्धारित की गई है। हॉकी एवं कुश्ती की प्रतियोगिताएं जिला स्तर पर आयोजित होंगी। कुश्ती में जूनियर बालक-बालिका तथा सीनियर पुरुष-महिला वर्ग के लिए अलग-अलग भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं। जूनियर बालकों के लिए 57, 65 एवं 74 किलोग्राम तथा जूनियर बालिकाओं के लिए 55, 62 एवं 68 किलोग्राम भार वर्ग होंगे। इसी प्रकार सीनियर पुरुष वर्ग में 57, 65 एवं 74 किलोग्राम तथा सीनियर महिला वर्ग में 55, 62 एवं 68 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबले होंगे।

कराते में आयु एवं भार वर्ग के अनुसार मुकाबले

कराते प्रतियोगिता में भी आयु एवं भार वर्ग के अनुसार खिलाड़ियों को मुकाबले का अवसर मिलेगा। 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग के जूनियर बालकों के लिए 45 एवं 50 किलोग्राम तथा 16 से 17 वर्ष आयु वर्ग के लिए 55 एवं 61 किलोग्राम भार वर्ग निर्धारित हैं। जूनियर बालिकाओं के लिए 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग में 42 एवं 47 किलोग्राम तथा 16 से 17 वर्ष आयु वर्ग में 53 एवं 59 किलोग्राम भार वर्ग होंगे। सीनियर पुरुष वर्ग में 60 एवं 67 किलोग्राम तथा सीनियर महिला वर्ग में 55 एवं 61 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

लोकप्रिय खेलों में भी मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर

कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल जैसे लोकप्रिय खेलों में भी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। वहीं रस्साकसी को प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में शामिल किया गया है, जिसमें केवल सीनियर महिला वर्ग की प्रतिभागी हिस्सा लेंगी। सरगुजा ओलंपिक के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता से युवाओं में खेल भावना, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का विकास होने के साथ ही छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्राप्त होगा।

Jashpur