बिहान योजना से महिलाएं हो रहीं आत्मनिर्भर
बिहान योजना बनी महिलाओं की आजीविका का बड़ा आधार, महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल
जशपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चलाई जा रही बिहान योजना महिलाओं के लिए आजीविका का साधन बन रही है। यह योजना महिलाओं के लिए बेहद लाभदायक साबित हो रही है। योजना के माध्यम से न केवल महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं, बल्कि आर्थिक रूप से भी सशक्त बन रही हैं।
बिहान योजना के तहत कई महिलाओं ने समूह के माध्यम से ऋण लेकर अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू किया है और अपनी आय का स्रोत बनाया है। यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी पहल है, जो महिलाओं को अपनी आजीविका का आधार मजबूत करने में मदद कर रही है।
जशपुर की रहने वाली सरिता यादव भी बिहान योजना से जुड़ी हैं। उन्हें पिछले वर्ष समूह के माध्यम से ऋण मिला, जिससे उन्होंने आटा चक्की सहित खाद्य सामग्री से जुड़ा व्यवसाय शुरू किया। इस व्यवसाय से उन्हें हर महीने लगभग 10 से 15 हजार रुपये की आमदनी हो जाती है। आज वह पूरी तरह आत्मनिर्भर हैं और अपने सभी खर्च स्वयं उठाने में सक्षम हैं।
सरिता यादव बताती हैं कि पहले वह अपने छोटे-मोटे खर्चों के लिए दूसरों पर निर्भर रहती थीं, लेकिन अब सरकार की इस योजना से वह अपने सभी खर्च खुद उठाती हैं और अपने भविष्य के लिए बचत भी करती हैं।
उन्होंने इस लाभकारी योजना के लिए सुशासन सरकार और हमारे प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी का तहेदिल से आभार व्यक्त किया। उनका मानना है कि हर महिला को समान अधिकार और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलना चाहिए। सरकार की यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में बड़ा योगदान दे रही है।


