थाने में अचानक पहुंच गए एसपी! बेनूर थाने में मचा हड़कंप, ई-मालखाना से ई-साक्ष्य तक खंगाले रिकॉर्ड—लापरवाही पर दिए सख्त निर्देश

थाने में अचानक पहुंच गए एसपी! बेनूर थाने में मचा हड़कंप, ई-मालखाना से ई-साक्ष्य तक खंगाले रिकॉर्ड—लापरवाही पर दिए सख्त निर्देश

पुलिस अधीक्षक श्री सन्दीप पटेल ने किया थाना बेनूर का आकस्मिक निरीक्षण

नारायणपुर : जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री सन्दीप पटेल द्वारा दिनांक 18.08.2026 को थाना बेनूर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेखों एवं डिजिटल अभिलेख संधारण की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक द्वारा ई-मालखाना 2.0, ई-साक्ष्य, आईआरएडी एवं मेडलीपआर सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों पर दर्ज एवं संधारित अभिलेखों की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से डिजिटल अभिलेखों के नियमित एवं अद्यतन संधारण की जानकारी लेते हुए सभी प्रविष्टियों को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ई-मालखाना 2.0 में जप्त सामग्री एवं मालखाना संबंधी अभिलेखों के डिजिटल संधारण, ई-साक्ष्य के माध्यम से साक्ष्यों के डिजिटल अभिलेखीकरण एवं प्रबंधन, आईआरएडी में सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित विवरण तथा मेडलीपआर में चिकित्सकीय एवं विधि-संबंधी प्रकरणों से संबंधित डिजिटल अभिलेखों के संधारण की समीक्षा की गई।

इसके साथ ही थाना परिसर, कार्यालयीन व्यवस्था, मालखाना, हवालात एवं विभिन्न अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए लंबित अपराधों, शिकायतों एवं विवेचनाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण तथा सभी आवश्यक अभिलेखों को नियमानुसार अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक श्री सन्दीप पटेल ने कहा कि डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग से पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं कार्यकुशलता बढ़ती है। अतः सभी अधिकारी एवं कर्मचारी डिजिटल माध्यमों पर अभिलेखों के संधारण को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सतर्क उपस्थिति बनाए रखने, आम नागरिकों के साथ निरंतर संवाद स्थापित करने एवं प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना बेनूर के अधिकारी-कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया तथा बेहतर पुलिसिंग एवं जनविश्वास को और मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

Chhattisgarh