स्वतंत्रता दिवस के मंच पर रायगढ़ का नाम हुआ रोशन ! मुख्यमंत्री के हाथों एसएसपी शशि मोहन सिंह को मिला राष्ट्रपति पुलिस पदक, 29 साल की पुलिस सेवा, कठिन चुनौतियां और शानदार नेतृत्व का बड़ा पुरस्कार ! गूंजा सम्मान.

स्वतंत्रता दिवस के मंच पर रायगढ़ का नाम हुआ रोशन ! मुख्यमंत्री के हाथों एसएसपी शशि मोहन सिंह को मिला राष्ट्रपति पुलिस पदक, 29 साल की पुलिस सेवा, कठिन चुनौतियां और शानदार नेतृत्व का बड़ा पुरस्कार ! गूंजा सम्मान.

रायपुर में 15 अगस्त 2026 को आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के हाथों छत्तीसगढ़ पुलिस के 11 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। इनमें रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह को सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया गया। यह सम्मान उनके दीर्घकालीन समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता तथा पुलिस सेवा में उल्लेखनीय योगदान का राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान है। वर्ष 2026 के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस के 11 अधिकारियों-कर्मचारियों के नाम राष्ट्रपति पुलिस पदकों के लिए घोषित किए गए थे, जिनमें श्री शशि मोहन सिंह का नाम सराहनीय सेवा पदक पाने वाले अधिकारियों में शामिल है।

श्री शशि मोहन सिंह ने वर्ष 1997 में राज्य पुलिस सेवा में चयनित होकर अपने पुलिस सेवाकाल की शुरुआत की। मध्यप्रदेश के होशंगाबाद, इटारसी और भोपाल सहित विभिन्न स्थानों पर सेवाएं देने के बाद छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के पश्चात उन्होंने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। वर्ष 2012 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी के रूप में उन्होंने छत्तीसगढ़ के मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ चुनौतीपूर्ण नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी पुलिसिंग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। कठिन परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आंतरिक सुरक्षा और जन-सेवा के मोर्चे पर उनके कार्य ने उन्हें एक सशक्त और अनुभवी पुलिस अधिकारी के रूप में पहचान दिलाई।

पुलिस सेवा के साथ श्री शशि मोहन सिंह के व्यक्तित्व का एक रचनात्मक पक्ष भी रहा है। वे एक अच्छे अभिनेता, कवि और लेखक के रूप में भी अपनी अलग पहचान रखते हैं। अपनी रचनात्मक अभिरुचियों के माध्यम से उन्होंने समाज और पुलिसिंग के बीच बेहतर संवाद, संवेदनशील पुलिसिंग तथा सकारात्मक सामाजिक संदेशों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। पुलिस सेवा में उनके कार्यों और व्यक्तित्व के विभिन्न आयामों के लिए उन्हें समय-समय पर अलग-अलग मंचों पर सम्मानित भी किया जाता रहा है।

Chhattisgarh