रायगढ़ पुलिस हाईटेक : नवीन कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में बड़ा कदम, तकनीक आधारित पुलिसिंग को मिला नया आयाम, विवेचकों को मिले 105 स्मार्ट MDT, डिजिटल विवेचना को मिलेगी नई रफ्तार,

रायगढ़ पुलिस हाईटेक : नवीन कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में बड़ा कदम, तकनीक आधारित पुलिसिंग को मिला नया आयाम, विवेचकों को मिले 105 स्मार्ट MDT, डिजिटल विवेचना को मिलेगी नई रफ्तार,

नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी एवं तकनीक आधारित क्रियान्वयन की दिशा में रायगढ़ पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ द्वारा नवीन कानूनों के अनुरूप विवेचना को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं वैज्ञानिक बनाने के उद्देश्य से जिले के विवेचकों के लिए उपलब्ध कराए गए 105 स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) का वितरण आज पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित क्राइम मीटिंग के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह द्वारा थाना प्रभारियों को किया गया।

इस अवसर पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) लागू होने के बाद विवेचना प्रक्रिया में डिजिटल तकनीक की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। अब घटनास्थल से डिजिटल साक्ष्य संकलन, फोटो एवं वीडियो दस्तावेजीकरण, ऑनलाइन रिपोर्टिंग, पुलिस एप्लीकेशन के माध्यम से केस अपडेट तथा त्वरित सूचना आदान-प्रदान जैसे कार्य स्मार्ट मोबाइल के जरिए अधिक प्रभावी ढंग से किए जा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि इन मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) के माध्यम से विवेचक घटनास्थल पर ही आवश्यक डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कर सकेंगे, जिससे अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ेगी और न्यायालय में अभियोजन पक्ष और अधिक सशक्त होगा। इससे विवेचना की पारदर्शिता, गति एवं विश्वसनीयता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों एवं विवेचकों को निर्देशित किया कि प्रदत्त स्मार्ट मोबाइल का उपयोग केवल शासकीय कार्यों में करें तथा नवीन कानूनों के अनुरूप तकनीक आधारित अनुसंधान, डिजिटल साक्ष्य संकलन और गुणवत्तापूर्ण विवेचना को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विवेचक का लक्ष्य समयबद्ध एवं वैज्ञानिक विवेचना के माध्यम से पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाना होना चाहिए।

रायगढ़ पुलिस नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, डिजिटल पुलिसिंग एवं नागरिकों को आधुनिक, पारदर्शी और त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

Chhattisgarh