‘सहयोग केंद्र’ में वन मंत्री केदार कश्यप ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद
रायपुर : भारतीय जनता पार्टी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में समस्याओं के त्वरित निवारण और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद के लिए संचालित ‘सहयोग केन्द्र’ की नियमित कड़ी में सोमवार को प्रदेश के वन, जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन एवं कौशल विकास मंत्री केदार कश्यप उपस्थित रहे।
सहयोग केंद्र में प्रदेशभर से पहुंचे बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्री कश्यप के समक्ष अपनी मांगें, सुझाव और विभिन्न क्षेत्रों की समस्याएँ रखीं। श्री कश्यप ने इस दौरान करीब 42 प्रतिनिधिमण्डलों व 200 से अधिक संख्या में पहुँचे कार्यकर्ताओं की बातों को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ सुना। कई मामलों में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फोन पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। संगठन के सुदृढ़ीकरण और जमीनी स्तर पर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच की सबसे मजबूत कड़ी हैं। भाजपा सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ‘सहयोग केंद्र’ के माध्यम से हम सीधे आम जनमानस और अपने कर्मठ कार्यकर्ताओं तक पहुँच रहे हैं, ताकि शासन-प्रशासन के स्तर पर किसी भी नागरिक को परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रामजी भारती व सहयोग केन्द्र प्रभारी सच्चिदानन्द उपासने मौजूद थे।

