तेजी से जारी है बागबहार-कोतबा सड़क का निर्माण कार्य
39.76 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण
10 किमी में सबग्रेड और 6 पुलियों का निर्माण पूरा
जशपुर : जिले के बागबहार-कोतबा मार्ग को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन के लिए चौड़ा और मजबूत बनाने का कार्य तेजी से प्रगति पर है। इस महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना के लिए राज्य शासन द्वारा 39.76 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के अनुसार जारी है और विभाग द्वारा इसे शीघ्र पूर्ण कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग संभाग पत्थलगांव ने बताया कि बागबहार-कोतबा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए 30 सितम्बर 2025 को ठेकेदार मेसर्स अभय कंस्ट्रक्शन, जशपुर को कार्यादेश जारी किया गया था। निर्माण कार्य पूर्ण करने की समय-सीमा अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। वर्तमान में निर्माण एजेंसी द्वारा लगभग 10 किलोमीटर लंबाई में सबग्रेड स्तर तक चौड़ीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वहीं बागबहार की ओर से जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, जिसमें लगभग एक किलोमीटर हिस्से में जीएसबी कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा मार्ग पर 6 पुलियों का निर्माण भी पूर्ण कर लिया गया है तथा शेष कार्य निरंतर प्रगति पर है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्माण अवधि के दौरान आवागमन को यथासंभव सुगम बनाए रखने के लिए मार्ग के गड्ढों की अस्थायी मरम्मत की जा रही है। विभाग का कहना है कि सड़क की स्थायी और गुणवत्तापूर्ण सुविधा निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद ही उपलब्ध हो सकेगी। निर्माण कार्य के दौरान कुछ असुविधा स्वाभाविक है, लेकिन विभाग द्वारा कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

