पॉवर कंपनी की सांस्कृतिक संध्या में दिखा टैलेंट का तूफान : अधिकारियों-कर्मचारियों ने मंच पर दिखाया दम, गायन-नृत्य से सजी शाम, पॉवर कंपनी के कलाकारों ने बांधा समां.

पॉवर कंपनी की सांस्कृतिक संध्या में दिखा टैलेंट का तूफान : अधिकारियों-कर्मचारियों ने मंच पर दिखाया दम, गायन-नृत्य से सजी शाम, पॉवर कंपनी के कलाकारों ने बांधा समां.

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर  कंपनी के केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के तत्वाधान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में अधिकारियों कर्मचारियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों-कर्मचारियों की रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा आपसी समन्वय और सौहार्द्र को बढ़ावा देना था।

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक उत्पादन श्री एस के कटियार,प्रबंध निदेशक  ट्रांसमिशन श्री आरके शुक्ला ,प्रबंध निदेशक डिस्ट्रीब्यूशन श्री भीम सिंह कंवर उपस्थित थे। प्रबंध निदेशकों  ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा कार्यस्थल पर बेहतर सामंजस्य स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सांस्कृतिक संध्या में कंपनी के विभिन्न कार्यालयों एवं इकाइयों से कुल 25 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान 16 प्रतिभागियों ने गायन प्रतियोगिता में अपनी प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं का मन मोह लिया, वहीं 9 प्रतिभागियों ने नृत्य प्रस्तुत कर अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यपालक निदेशक वित्त श्री एम एस चौहान ने रूप तेरा मस्ताना गीत पर सैक्सोफोन वाद्य यंत्र के माध्यम से एक मधुर प्रस्तुति देखकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। इस समावेशी कार्यक्रम में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी से लेकर कार्यपालक निदेशक पद के कलाकारों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।

इस अवसर पर प्रतिभागियों ने  हिंदी फिल्मी गीतों तथा पारंपरिक एवं आधुनिक नृत्य शैलियों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया।

Chhattisgarh