जशपुर वनमण्डल में “बीज गोला बनाबो जशपुर के जंगल ला बढ़ाबो” अभियान के तहत 02 लाख से अधिक सीडबॉल का रोपण
जशपुर : दिनांक 18 जून 2026 को जशपुर वनमण्डल द्वारा प्रकृति संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित “बीज गोला बनाबो जशपुर के जंगल ला बढ़ाबो” अभियान के अंतर्गत आज जिले के विभिन्न स्थलों पर वृहद स्तर पर सीडबॉल रोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत मनोरा परिक्षेत्र के ग्राम सोगड़ा स्थित भैरवपहाड़, कुनकुरी परिक्षेत्र अंतर्गत हनुमान टेकरी तथा पत्थलगांव परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम ईला (कुनकुरी) में मानव श्रृंखला बनाकर 02 लाख से अधिक सीडबॉल का रोपण किया गया।
यह अभियान केवल बीजों के गोले बनाकर उनका रोपण करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रमुख उद्देश्य प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, वनावरण में वृद्धि करना तथा भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण का निर्माण करना है। अभियान के माध्यम से स्थानीय समुदायों, युवाओं, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों को प्रकृति संरक्षण के कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
सीडबॉल तकनीक प्राकृतिक पुनर्वनीकरण की एक प्रभावी एवं पर्यावरण अनुकूल पद्धति है, जिसके माध्यम से ऐसे क्षेत्रों में भी वृक्षारोपण को बढ़ावा दिया जा सकता है जहाँ पारंपरिक पौधरोपण करना कठिन होता है। मिट्टी एवं जैविक पदार्थों से तैयार किए गए इन बीज गोलों को वर्षा ऋतु से पूर्व उपयुक्त स्थलों पर फैलाया जाता है। वर्षा होने पर इनमें निहित बीज अंकुरित होकर प्राकृतिक रूप से पौधों का रूप लेते हैं, जिससे वन क्षेत्र का विस्तार, मृदा संरक्षण तथा जैव विविधता संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान हजारों की संख्या में उपस्थित जनसमूह ने मानव श्रृंखला बनाकर पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया तथा सामूहिक रूप से सीडबॉल रोपण कर हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों, वनों के महत्व, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में जनसहभागिता की भूमिका के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करने का आह्वान किया। पत्थलगांव परिक्षेत्र अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में माननीय विधायक पत्थलगांव एवं उपाध्यक्ष, सरगुजा विकास प्राधिकरण श्रीमती गोमती साय मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। कुनकुरी परिक्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुषिला सिंह एवं भाजपा उपाध्यक्ष श्री उपेन्द्र यादव ने सहभागिता की। वहीं मनोरा परिक्षेत्र के ग्राम सोगड़ा स्थित भैरवपहाड़ में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबा संभव राम, अधोरपीठ आश्रम सोगड़ा द्वारा की गई।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, वन विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी अमले, सामाजिक संगठनों, स्व-सहायता समूहों, ग्रामीणों तथा विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा अधिकाधिक वृक्षों के संवर्धन एवं संरक्षण हेतु सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
जशपुर वनमण्डल द्वारा संचालित यह अभियान स्थानीय समुदायों को वन एवं पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हो रहा है। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों, युवाओं एवं विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने, सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने तथा जिले के हरित आवरण में वृद्धि करने का सतत प्रयास किया जा रहा है।
वनमण्डलाधिकारी, जशपुर श्री शशि कुमार, भा.व.से. ने बताया कि “बीज गोला बनाबो जशपुर के जंगल ला बढ़ाबो” अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा। अधिकाधिक जनसहभागिता एवं सामुदायिक सहयोग के माध्यम से जशपुर जिले को पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध, हरित एवं जैव विविधता सम्पन्न बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

