थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 260/2026 धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर की गई विवेचना.
राइस मिल से धान की चोरी का 24 घंटे में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, चोरी का धान एवं घटना में प्रयुक्त दो पिक-अप वाहन जप्त.
रायपुर : रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में राइस मिल से धान चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। कृष्णा राइस मिल का ताला तोड़कर धान चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके कब्जे से 108 कट्टा धान और चोरी में इस्तेमाल दो पिक-अप वाहन बरामद किए हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 10.82 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जप्त कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
प्रार्थी दीनानाथ अग्रवाल निवासी गांधी चौक तिल्दा द्वारा दिनांक 13 जून 2026 को थाना तिल्दा-नेवरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उनकी कृष्णा राइस मिल तिल्दा में दिनांक 12-13 जून 2026 की दरम्यानी अज्ञात चोरों द्वारा मिल का ताला तोड़कर धान चोरी कर लिया गया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 260/2026 धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा को अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा प्रार्थी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर अज्ञात आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई। टीम के सदस्यों ने घटना-स्थल तथा आसपास स्थापित सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म अवलोकन किया। साथ ही प्रकरण में मुखबिर सक्रिय किए गए तथा तकनीकी साक्ष्यों एवं स्थानीय स्तर पर गहन पतासाजी करते हुए अज्ञात आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए।
इसी दौरान टीम को घटना में संलिप्त आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई, जिसके आधार पर तिल्दा-नेवरा निवासी परवाना देवार, जितेन्द्र निषाद, रजत वर्मा एवं सब्बी अग्रवाल उर्फ रमेश कुमार अग्रवाल को अभिरक्षा में लेकर प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर चारों के द्वारा उक्त अपराध को कारित करना स्वीकार किया तथा बताया कि चोरी किए गए धान को वाहनों में भरकर अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा गया है।
चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर कब्जे से चोरी की कुल 108 कट्टा धान तथा घटना में प्रयुक्त टाटा एस वाहन क्रमांक सीजी 25 एयू 7682 एवं वाहन क्रमांक सीजी 04 पीडी 8673 कीमत लगभग 10,82,740/- रुपये जप्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी –
01. परवाना देवार पिता खन्ना देवार उम्र 21 वर्ष निवासी देवार बस्ती दलाल तालाब थाना तिल्दा नेवरा रायपुर।
02. जितेन्द्र निषाद पिता मोहित निषाद उम्र 21 वर्ष निवासी जीरा रोड तिल्दा थाना तिल्दा नेवरा रायपुर।
03. रजत वर्मा पिता राजेन्द्र वर्मा उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम तुलसी थाना तिल्दा नेवरा रायपुर।
04. सब्बी अग्रवाल उर्फ रमेश कुमार अग्रवाल उम्र 39 वर्ष, निवासी बिजली ऑफिस के पास तुलसी नेवरा थाना तिल्दा नेवरा रायपुर।

