ऑपरेशन अंकुश की बड़ी सफलता : आईपीएल फाइनल पर सट्टा खिलाने वाले सिंडिकेट का भंडाफोड़, 31.99 लाख नकद जब्त, रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी गिरोह पर छापा, दो गिरफ्तार, तीन फरार.

ऑपरेशन अंकुश की बड़ी सफलता : आईपीएल फाइनल पर सट्टा खिलाने वाले सिंडिकेट का भंडाफोड़, 31.99 लाख नकद जब्त, रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी गिरोह पर छापा, दो गिरफ्तार, तीन फरार.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में जुआ-सट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आईपीएल फाइनल मुकाबले जीटी विरूद्ध आरसीबी (GT Vs RCB) पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए थाना साइबर और चौकी खरसिया की संयुक्त टीम ने दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है तथा उनके कब्जे से क्रिकेट सट्टा संचालन में प्रयुक्त मोबाइल फोन, नोट गिनने की मशीन और सट्टे की रकम से जुड़े 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नगद बरामद किए हैं। मामले में सिंडिकेट से जुड़े 3 अन्य व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में कुछ व्यक्ति आईपीएल फाइनल मैच की हार-जीत पर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा एवं एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में साइबर थाना एवं चौकी खरसिया के अधिकारियों-कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें गठित कर एक साथ दबिश दी गई।

रेड कार्रवाई के दौरान गंज बाजार क्षेत्र में पुलिस ने गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने क्रिकेट सट्टा संचालित करना स्वीकार किया तथा कई लोकल व्यकितयों द्वारा नकदी सट्टा रकम लगाने की बात बताये। आरोपियों ने अपने मेमोरेंडम कथन में रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा सिंडिकेट संचालित करने की जानकारी दी। आरोपियों ने बताया कि साहिल अग्रवाल सट्टे की रकम को अपने व्यवसाय में खपाकर कमीशन के रूप में लाभ अर्जित करता था। आरोपियों के कब्जे से एक वनप्लस नॉर्ड एवं एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल जब्त किया गया, जिनमें ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से संबंधित आईडी एवं तकनीकी साक्ष्य प्राप्त हुए।

आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम एसबीआई बैंक के पीछे स्थित गोपाल राइस मिल कॉलोनी में साहिल अग्रवाल के निवास पहुंची। पुलिस वाहन को देखकर साहिल अग्रवाल दो बैग और नोट गिनने की मशीन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसके पिता मुकेश अग्रवाल एवं स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में दोनों बैगों की तलाशी ली गई, जिसमें 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोटों सहित कुल 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नगद बरामद हुए। इतनी बड़ी राशि के संबंध में कोई वैध जानकारी प्रस्तुत नहीं की जा सकी। गिरफ्तार आरोपियों के मेमोरेंडम से जांच में यह तथ्य सामने आया कि उक्त रकम क्रिकेट सट्टे के संचालन से संबंधित है, जिस पर पुलिस ने राशि को विधिवत जब्त कर लिया।

प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा संगठित गिरोह बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन किया जाना पाए जाने पर सभी आरोपी – गगन अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। फरार आरोपी साहिल अग्रवाल, रिकेश राय एवं अर्जुन राठौर की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी गगन अग्रवाल का पूर्व अपराधिक इतिहास रहा है। इसी साल मार्च महीने में थाना चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टे की कार्यवाही में गगन पर भी कार्यवाही की गई थी।

1 गगन अग्रवाल पिता स्वर्गीय अनूप कुमार अग्रवाल उम्र 28 वर्ष पता गंज बाजार खरसिया.

2 शुभम अग्रवाल उर्फ कालू पिता राजकुमार अग्रवाल उम्र 30 वर्ष पता गंज बाजार खरसिया.

जप्त – नकदी 31 लाख 99 हजार 700 रुपये,  मोबाइल, नोट गिनने की मशीन.

Crime