डी.एल.एड प्रवेश परीक्षा 04 जून को, जशपुर में 14 केंद्रों पर 4845 अभ्यर्थी होंगे शामिल
सीजी व्यापम ने जारी किए निर्देश, अभ्यर्थियों को 2 घंटे पहले देनी होगी उपस्थिति
जशपुर : छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित डी.एल.एड प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन 04 जून 2026 गुरुवार को किया जाएगा।जशपुर जिले में परीक्षा के लिए 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। परीक्षा में कुल 4845 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा के प्रभारी अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री समीर बड़ा को बनाया गया है।
सीजी व्यापम द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले 8:00 बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के कपड़े जैसे सफेद, हल्का नीला, गहरा नीला या काला पहनकर आना होगा। पैर में सैंडल या चप्पल पहनना जरूरी है। बंद जूते, बेल्ट, पूरी बांह के कपड़े मना रहेंगे। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र एवं फोटो वाला पहचान पत्र साथ लाना जरूरी है। परीक्षा केंद्र में घड़ी, पर्स, थैली, दुपट्टा, टोपी, गहने, मोबाइल, कैलकुलेटर सहित किसी भी प्रकार के बिजली से चलने वाले उपकरण ले जाना सख्त मना है। सभी अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी। सुरक्षा जांच के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा।

