जशपुर पुलिस द्वारा आयोजित ‘सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा’ आधारित थीम पर रील मेकिंग एवं सेल्फी प्रतियोगिता के विजेताओं का किया गया सम्मान.
सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता आयोजित की गई थी.
प्रथम स्थान – श्रीमती श्रीदेवी सोनी, करबला रोड, जशपुर को ₹2001/- नगद पुरस्कार एवं हेलमेट प्रदान किया गया.
द्वितीय स्थान – श्री विकास कुमार, खजांची टोली, जशपुर को ₹1001/- नगद पुरस्कार एवं हेलमेट प्रदान किया गया.
तृतीय स्थान – श्री किशन कुमार चौहान, बागबहार को ₹501/- नगद पुरस्कार एवं हेलमेट प्रदान किया गया.
बेस्ट सेल्फी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले श्री नारायण कुमार वैष्णव (पुलिस परिवार, थाना पत्थलगांव) को ₹1001/- नगद पुरस्कार एवं हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया.
जशपुर : सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने की दिशा में जशपुर पुलिस का अनूठा प्रयास रंग लाया है। हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व को रचनात्मक ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के लिए आयोजित ‘सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा’ रील मेकिंग एवं सेल्फी प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से न केवल यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ी, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से जीवन रक्षा का संदेश भी व्यापक स्तर पर पहुंचा।
डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन, विशेषकर युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा हेलमेट एवं सीट बेल्ट जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, इसके अंतर्गत रील मेकिंग एवं सेल्फी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में जिले भर से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सड़क सुरक्षा संबंधी संदेशों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता के विजेताओं को आज पुलिस कार्यालय जशपुर में डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डाॅ. लाल उमेद सिंह द्वारा आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विजेताओं को नगद पुरस्कार राशि, हेलमेट, प्रमाण-पत्र एवं 03 लीटर पेट्रोल प्रदान कर उनके प्रयासों की सराहना की गई तथा भविष्य में भी सामाजिक जागरूकता अभियानों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया गया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में रील मेकिंग प्रतियोगिता में करबला रोड जशपुर निवासी श्रीमती श्रीदेवी सोनी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹2001/- नगद पुरस्कार एवं हेलमेट प्राप्त किया। खजांची टोली जशपुर निवासी श्री विकास कुमार द्वितीय स्थान पर रहे, जिन्हें ₹1001/- नगद पुरस्कार एवं हेलमेट प्रदान किया गया। वहीं बागबहार निवासी श्री किशन कुमार चैहान ने तृतीय स्थान प्राप्त कर ₹501/- नगद पुरस्कार एवं हेलमेट प्राप्त किया। इसी प्रकार बेस्ट सेल्फी प्रतियोगिता में थाना पत्थलगांव के पुलिस परिवार से जुड़े श्री नारायण कुमार वैष्णव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिन्हें ₹1001/- नगद पुरस्कार एवं हेलमेट देकर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर द्वारा सभी विजेताओं से सड़क सुरक्षा के प्रति उनके अनुभव, विचार एवं सुझाव भी साझा कराए गए। विजेताओं ने बताया कि हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जन-हानि को काफी हद तक यातायात नियमों का पालन कर रोका जा सकता है। साथ ही उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करते हुए सड़क सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार पाटनवार, उप पुलिस अधीक्षक श्री कुंजराम चैहान, रक्षित निरीक्षक श्री अमरजीत खूंटे, उप निरीक्षक खोमराज ठाकुर सहित विजेताओं के परिजन उपस्थित रहे।
डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि – ”जशपुर पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से लगातार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। रील मेकिंग एवं सेल्फी प्रतियोगिता जैसे नवाचारपूर्ण प्रयासों से युवाओं की भागीदारी बढ़ रही है और यातायात नियमों के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार हो रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने एवं अन्य यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।“

