संकल्प शिक्षण संस्थान में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु चयन सूची जारी, 01 और 02 जून को जगह के लिए होगी काउंसलिंग
काउंसलिंग के जरिए विद्यार्थी चुन सकेंगे संस्थान, काउंसलिंग के बाद 09 जून तक लेना होगा प्रवेश।
जशपुर : संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर, कुनकुरी एवं पत्थलगांव में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में नवीन प्रवेश हेतु आयोजित परीक्षा की चयन सूची जारी कर दी गई है। परीक्षा उपरांत बालक-बालिका की संयुक्त प्रावीण्य सूची तैयार कर जिले के आरक्षण रोस्टर का पालन करते हुए अंतिम चयन एवं प्रतीक्षा सूची जारी की गई है। जिसका जशपुर एन आई सी की वेबसाइट में अवलोकन किया जा सकता है।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार अनुसूचित जनजाति वर्ग का कटऑफ 155, अनुसूचित जाति वर्ग का 147, अन्य पिछड़ा वर्ग का 192 तथा अनारक्षित वर्ग का कटऑफ 215 अंक है।
प्रवेश के समय चयनित विद्यार्थियों को 8वी की अंकसूची की मूलप्रति और 02 फोटोकॉपी , स्थानांतरण प्रमाण पत्र की मूलप्रति और 03 फोटोकॉपी , आधार कार्ड की मूलप्रति और 03 फोटो कॉपी, अपार आईडी और विद्यार्थी पेन नंबर , आय प्रमाणपत्र की मूलप्रति, जाति और निवास प्रमाण पत्र की मूलप्रति एवं 02-02 फोटोकॉपी , बैंक पासबुक, राशन कार्ड तथा मेडिकल जांच रिपोर्ट, 06 रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो और माता-पिता के 03-03 पासपोर्ट साइज फोटो प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
संस्थान चयन हेतु 01 जून को अनुसूचित जनजाति वर्ग एवं 02 जून को अनारक्षित, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अनुसूचित जाति वर्ग के चयनित विद्यार्थियों की काउंसिलिंग एवं दस्तावेज सत्यापन सुबह 11 बजे से संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर में किया जाएगा।
प्राचार्य विनोद गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों को आवंटित संस्थान में 09 जून 2026 तक अनिवार्य रूप से प्रवेश लेना होगा। निर्धारित तिथि के बाद रिक्त सीटों पर प्रतीक्षा सूची से प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि काउंसिलिंग के लिए विद्यार्थियों को चयन सूची के क्रम अनुसार ही बुलाया जाएगा। विलंब से आने वाले विद्यार्थियों को किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी। इसलिए विद्यार्थी काउंसलिंग के निर्धारित समय 11:00 बजे से आधा घंटा पूर्व अपने पालक के साथ ही उपस्थित रहें।

