“माड़ मैत्री समर कैंप” का सफल समापन, बच्चों को कराया गया बीएसएफ कैंप सोनपुर का भ्रमण.
नारायणपुर : नारायणपुर पुलिस के “माड़ मैत्री” अभियान के तहत आयोजित समर कैंप ने बच्चों और युवाओं के जीवन में उत्साह, रचनात्मकता और नई प्रेरणा का रंग भर दिया। एक सप्ताह तक चले इस विशेष कैंप में बच्चों ने कला, खेल, आत्मरक्षा और अनुशासन की बारीकियां सीखीं, वहीं बीएसएफ कैंप सोनपुर भ्रमण ने उनके भीतर सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान और जागरूकता को और मजबूत किया।
नारायणपुर पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में नारायणपुर पुलिस द्वारा संचालित “माड़ मैत्री” अभियान के अंतर्गत दिनांक 18 मई 2026 से 24 मई 2026 तक डीआरजी प्रशिक्षण परिसर, नारायणपुर में “माड़ मैत्री समर कैंप” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस समर कैंप का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा पुलिस एवं आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करना रहा।

समर कैंप के दौरान बच्चों एवं युवाओं को विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें पेंटिंग, क्राफ्ट कार्य (क्ले एवं मिरर आर्ट, टिश्यू पेपर आर्ट, ग्लिटर शीट कार्य, आइसक्रीम स्टिक क्राफ्ट), डांसिंग एवं कराटे जैसी गतिविधियाँ शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा एवं कौशल का प्रदर्शन किया।
समर कैंप के अंतिम दिवस सभी बच्चों को बीएसएफ कैंप सोनपुर का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान बच्चों को सुरक्षा बलों की कार्यप्रणाली, कैंप जीवन एवं अनुशासन के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही हथियार प्रदर्शनी एवं हथियारों का परिचय कराया गया, जिससे बच्चों में सुरक्षा बलों के प्रति उत्सुकता एवं जागरूकता बढ़ी।
इसके अतिरिक्त बच्चों को बेलगर नदी तट भ्रमण भी कराया गया तथा सभी प्रतिभागियों को अल्पाहार वितरित किया गया। बच्चों ने पूरे कार्यक्रम का आनंद लेते हुए इसे एक यादगार अनुभव बताया।
नारायणपुर पुलिस द्वारा आयोजित इस पहल की अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की गई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा बच्चों को आगे भी शिक्षा, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया गया।

