मरगा नदी पुल निर्माण कार्य प्रगति पर, 45 प्रतिशत कार्य पूर्ण
तय समय सीमा में पूरा होगा निर्माण—लोक निर्माण विभाग
जशपुर : जशपुर-सन्ना मार्ग पर मरगा नदी पर निर्माणाधीन पुल के संबंध में लोक निर्माण विभाग सेतु निर्माण द्वारा स्थिति स्पष्ट की गई है। विभाग ने बताया कि पुल निर्माण कार्य नियमानुसार प्रगति पर है और निर्धारित समयावधि में इसे पूर्ण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 29 सितंबर 2025 को 452.96 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके पश्चात निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ठेकेदार श्री अंशुल गोयल विश्रामपुर, जिला सूरजपुर को 06 मार्च 2026 को कार्यादेश जारी किया गया।
विभाग ने जानकारी दी कि वर्तमान में यातायात को सुगम बनाए रखने हेतु डायवर्सन रोड का निर्माण किया गया है। साथ ही पुल के एबटमेंट ए-1 की नींव की खुदाई कार्य जारी है, जबकि एबटमेंट ए-2 का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। पी-1 का पीयर कैप निर्माण कार्य चल रहा है तथा पी-2 का कार्य भी प्रगति पर है। अब तक कुल निर्माण कार्य का लगभग 45 प्रतिशत भाग पूर्ण किया जा चुका है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्य की निर्धारित पूर्णता तिथि 04 फरवरी 2027 है और निर्माण कार्य समयसीमा के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे क्षेत्र में आवागमन की सुविधा भविष्य में और अधिक सुदृढ़ हो सकेगी।

