कुनकुरी के मैदान में चौकों-छक्कों की बरसात, दर्शकों के शोर से गूंजा पूरा शहर
कुनकुरी : नागे के खेल मैदान में आयोजित KPL चैप्टर 4 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। बुधवार को खेले गए लीग मुकाबलों ने क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह को चरम पर पहुंचा दिया। मैदान में जहां बल्लेबाजों ने तूफानी अंदाज में रन बरसाए, वहीं गेंदबाजों ने अपनी धारदार गेंदों से मुकाबलों का रुख पलट दिया। हर चौके-छक्के पर दर्शकों की गूंज पूरे मैदान में सुनाई दी और दोनों मुकाबले अंत तक रोमांच से भरपूर रहे। KPL चैप्टर 4 अब केवल एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि कुनकुरी नगर में क्रिकेट का सबसे बड़ा उत्सव बन चुका है।
रोहित गुप्ता के तूफान में उड़ी KKR, MI ने 46 रन से दर्ज की धमाकेदार जीत
दिन के पहले मुकाबले में Kunkuri Indians MI ने शानदार प्रदर्शन करते हुए Kunkuri Knight Riders KKR को 46 रनों से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए MI के बल्लेबाज शुरुआत से ही आक्रामक नजर आए और 10 ओवर में 138 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
MI की ओर से रोहित गुप्ता ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए केवल 25 गेंदों में 51 रन ठोक दिए। उनकी पारी में चौकों और लंबे छक्कों की बारिश देखने को मिली। अनंत मिरास मिंज ने भी 12 गेंदों में 28 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर मैच का रोमांच बढ़ा दिया। अजय गुप्ता ने 15 गेंदों में 27 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
138 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी KKR की टीम शुरुआत से दबाव में दिखी। लक्ष्मण बेहरा और बंटी ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन MI की अनुशासित गेंदबाजी और शानदार फील्डिंग के सामने बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सके। पूरी टीम 92 रन पर सिमट गई।
गेंदबाजी में कृष्णा ने बेहद किफायती स्पेल डालते हुए 2 ओवर में सिर्फ 3 रन देकर 1 विकेट हासिल किया, जबकि कालू गर्ग ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट झटके और KKR की उम्मीदों को पूरी तरह तोड़ दिया।
मैन ऑफ द मैच: रोहित गुप्ता – विस्फोटक 51 रन
आखिरी गेंद तक चला रोमांच, GT ने LSG को 4 रन से हराया
दिन का दूसरा मुकाबला बेहद रोमांचक और सांसें रोक देने वाला साबित हुआ। KUNKURI TITANS GT और KUNKURI SUPER GAINTS LSG के बीच खेले गए इस मुकाबले में आखिरी गेंद तक जीत-हार का फैसला नहीं हो पाया।
GT ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 69 रन बनाए। कप्तान धीरज एक्का ने 12 गेंदों में 22 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि इमरान खान ने तेज 12 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
70 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी LSG की टीम ने शानदार शुरुआत की। अविनाश चौहान ने 16 गेंदों में 29 रन बनाकर मैच को रोमांचक मोड़ पर पहुंचा दिया। अंतिम ओवरों में दर्शकों की धड़कनें तेज हो गईं, लेकिन GT के गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए LSG को 65 रन पर रोक दिया।
GT की जीत के सबसे बड़े हीरो किशन कुमार मुंजनी रहे, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में 3 विकेट झटककर मैच का पासा पलट दिया।
मैन ऑफ द मैच: किशन कुमार मुंजनी – 3 विकेट

KPL चैप्टर 4 बना कुनकुरी की नई पहचान
KPL चैप्टर 4 का सफल आयोजन KPL चेयरमैन CA बिनीत कुमार जिंदल, सचिव महेश त्रिपाठी एवं KPL 2026 अध्यक्ष चेतन गुप्ता “चिंटू” के नेतृत्व में लगातार भव्य रूप से किया जा रहा है। समिति सदस्य आशीष सिंह चंकी, विवेक बजाज, प्रकाश राणा, राजा बघवार, लिंकन केरकेट्टा, अर्जू नागेसिया एवं कनाम आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
मैचों में अंपायरिंग की जिम्मेदारी आशीष नायक, प्रीतम महंत, मयूर गर्ग, अभिषेक झा, अरविंद नांदे एवं सुधीर सिन्हा ने निभाई। कमेंट्री में सुनील राय, रवि चौहान, नितीश शर्मा, राहुल बजाज, राकेश सिंह, ओम गुप्ता एवं विनय सनवासी ने दर्शकों का उत्साह लगातार बनाए रखा। स्कोरिंग का कार्य सारांश सिंह गन्नू एवं समीम शेख द्वारा किया गया।
इनामी राशि ने बढ़ाया खिलाड़ियों का जोश
KPL चैप्टर 4 में विजेता टीम को ₹1,00,000, उपविजेता को ₹51,000, तृतीय पुरस्कार ₹21,000 तथा चतुर्थ पुरस्कार ₹11,000 के साथ आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। यही वजह है कि हर मुकाबले में खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है।

