वैज्ञानिक लाख पालन से बदलेगी ग्रामीणों की तस्वीर : ठुठीअम्बा में 100 परिवारों को मिला आधुनिक कुसमी लाख उत्पादन का प्रशिक्षण

वैज्ञानिक लाख पालन से बदलेगी ग्रामीणों की तस्वीर : ठुठीअम्बा में 100 परिवारों को मिला आधुनिक कुसमी लाख उत्पादन का प्रशिक्षण

ग्राम ठुठीअम्बा में कुसमी लाख पालन हेतु वैज्ञानिक प्रशिक्षण आयोजित

जशपुर : दिनांक 21.05.2026 को एफ.ई.एस. एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में वन परिक्षेत्र जशपुर अन्तर्गत ग्राम ठुठीअम्बा में ग्रामीणों एवं कृषकों के लिए कुसमी लाख पालन विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उक्त प्रशिक्षण में ग्राम ठुठीअम्बा एवं आसपास के ग्रामों के लगभग 100 परिवारों के सदस्यों ने सहभागिता की। ग्राम ठुठीअम्बा के क़िसान वर्षों से लाख पालन कार्य करते आ रहे हैं, किन्तु अधिकांशतः यह कार्य परंपरागत एवं अवैज्ञानिक पद्धति से किया जाता रहा है। किसानों को वैज्ञानिक तरीके से लाख उत्पादन की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला यूनियन के सहायक प्रबंधक मुकेश साय पैंकरा एवं सुश्री दीक्षा कुमारी द्वारा लाख पालन से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने लाख बिहन उपचार, पेड़ों में संचरण की विधि, कीटनाशक एवं फफूंदीनाशक के उपयोग की उपयुक्त मात्रा एवं वैज्ञानिक तरीकों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान किसानों एवं ग्रामीणों में नई वैज्ञानिक पद्धति से लाख पालन करने के प्रति उत्साह देखा गया। लाख पालन क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक एवं रोजगारमूलक साधन है, जिससे उनकी आय में वृद्धि एवं आजीविका सुदृढ़ होने की संभावनाएँ हैं।

वन विभाग द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को स्वरोजगार एवं वैज्ञानिक कृषि आधारित गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

Jashpur