सुशासन शिविर में त्वरित समाधान: 80 पेंशन आवेदन शिविर स्थल पर ही निराकृत
घरजियाबथान में दिव्यांग हितग्राही को मिली बैटरी ट्राइसिकल
सरकार की योजनाएं सीधे लोगों तक पहुंच रही – विधायक श्रीमती गोमती साय
जशपुर : सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत पत्थलगांव के ग्राम पंचायत घरजियाबथान में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में आमजन को त्वरित राहत प्रदान किया गया। इसके तहत समाज कल्याण विभाग को प्राप्त 80 पेंशन आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। सभी आवेदनों को पात्र पाते हुए हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई।शिविर में दिव्यांग हितग्राही श्री मोहित राम कोरवा को सहायक उपकरण के रूप में बैटरी चलित ट्राइसिकल प्रदान की गई, जिससे उनकी दैनिक जीवन की गतिविधियों में सुविधा प्राप्त होगी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक पत्थलगांव श्रीमती गोमती साय उपस्थित रहीं। साथ ही जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुरुचि पैंकरा, वरिष्ठ नागरिक श्री अंकित बंसल, जनपद अध्यक्ष श्रीमती धनियारो परहा, क्षेत्रीय जनपद सदस्य श्रीमती कौशल्या चौहान एवं ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती शशिकांता पैंकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी -कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाएं सीधे गांव-गांव तक पहुंच रही हैं और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और ऐसे शिविर इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। शिविर के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को “नशामुक्त भारत अभियान” के तहत शपथ भी दिलाई गई, जिसमें सभी ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। यह शिविर न केवल समस्याओं के त्वरित समाधान का माध्यम बना, बल्कि सामाजिक जागरूकता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया।

