कुनकुरी : कुनकुरी प्रीमियर लीग (KPL) चैप्टर 4 में रविवार का दिन क्रिकेट इतिहास के सबसे रोमांचक दिनों में दर्ज हो गया, जहां दो अलग-अलग मुकाबलों में कुनकुरी इंडियंस (MI) और कुनकुरी टाइटन्स (GT) ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। पूरे मैदान में चौकों-छक्कों की बरसात और विकेटों की झड़ी ने माहौल को पूरी तरह क्रिकेटी उत्सव में बदल दिया।
पहला मुकाबला – MI बनाम RCB: आलोक गुप्ता की तूफानी पारी से MI की 23 रन की जीत
पहले मुकाबले में MI ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 86 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज देखने को मिला, जहां आलोक गुप्ता ने मात्र 11 गेंदों में 34 रन ठोककर स्टेडियम में सनसनी फैला दी, जिसमें 5 लंबे छक्के शामिल रहे। खागेश कुमार ने 23 रन और सौरभ साहू ने 16 रन की तेज पारी खेली।
जवाब में RCB की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए दबाव में आ गई और लगातार विकेट गिरते रहे। पूरी टीम 10 ओवर में 63 रन ही बना सकी। हालांकि अंत में लिंकन केरकेट्टा ने 13 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
गेंदबाजी में MI की ओर से अजय गुप्ता, कृष्णा और रोहित गुप्ता ने 2-2 विकेट लेकर मैच को एकतरफा बना दिया।
मैन ऑफ द मैच – आलोक गुप्ता (34 रन, 11 गेंद)

दूसरा मुकाबला – GT बनाम SRH: प्रदीप के. नांदे और श्रीराम बघेल की आंधी, 7 विकेट से जीत
दिन का दूसरा मुकाबला पूरी तरह GT के नाम रहा, जहां SRH ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 92 रन बनाए। SRH की ओर से समीम शेख ने 31 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि अन्य बल्लेबाजों ने भी योगदान दिया।
लेकिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी GT की टीम ने शुरुआत से ही मैच पर कब्जा जमा लिया।
प्रदीप के. नांदे ने 47 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर गेंदबाजों की कमर तोड़ दी, वहीं श्री राम बघेल ने नाबाद 39 रन बनाकर मैच को एकतरफा कर दिया। GT ने मात्र 7.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
गेंदबाजी में SRH के लिए आयुष यादव ने 3 विकेट लेकर संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
मैन ऑफ द मैच – प्रदीप के. नांदे (47 रन)
KPL में बढ़ता रोमांच, हर मैच बना जंग का मैदान
KPL चैप्टर 4 में हर दिन रोमांच अपने चरम पर पहुंच रहा है। दर्शकों की भारी भीड़ और खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन ने टूर्नामेंट को पूरी तरह उत्सव में बदल दिया है।
विजेता टीम को ₹1,00,000, उपविजेता को ₹51,000, तृतीय स्थान को ₹21,000 और चतुर्थ स्थान को ₹11,000 के साथ आकर्षक ट्रॉफी दी जाएगी।
आयोजन समिति में KPL चेयरमैन सीए बिनीत कुमार जिंदल, सचिव महेश त्रिपाठी और अध्यक्ष चेतन “चिंटू” गुप्ता की अहम भूमिका रही।
अंपायरिंग, स्कोरिंग और कमेंट्री टीम ने भी पूरे आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

