थाना बागबहार क्षेत्रांतर्गत एक युवक की रस्सी से बांधकर मारपीट का वीडियो हुआ था वायरल, मामला थाना बागबहार क्षेत्रांतर्गत ग्राम झारपारा का.
मामले में दो महिला सहित चार आरोपी गिरफ्तार, सभी आरोपी एक ही परिवार के सदस्य.
पीड़ित युवक व आरोपीगण हैं एक दूसरे के पड़ोसी, आए दिन छोटी-छोटी बात को लेकर उनका आपस में होता रहता था विवाद.
घटना दिवस को पागल व गंदी-गंदी गाली बकने के नाम पर हुआ था विवाद, आरोपी पक्ष के एक ही परिवार के सदस्यों के द्वारा पीड़ित युवक को रस्सी से बांध कर की गई थी मारपीट.
पुलिस ने पीड़ित प्रार्थी जोगेंद्र बढ़ाई उम्र 50 वर्ष निवासी झारपारा की रिपोर्ट पर थाना बागबहार में बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), 127(2), 191(2)(3), 190 व 333 के अंतर्गत किया था अपराध दर्ज.
मामले में पुलिस ने विडियो फुटेज, घटना में प्रयुक्त रस्सी, डंडा व लोहे की सरिया को किया जप्त.
नाम गिरफ्तार आरोपी क्रमशः – 1. नवीन बंजारा उम्र 35 वर्ष, 2. भगवती बंजारा उम्र 60 वर्ष, 3. दिनेश बंजारा उम्र 42 वर्ष, 4. अंजुलता बंजारा उम्र 31 वर्ष, सभी निवासी ग्राम झारपारा बागबहार, थाना बागबहार जिला जशपुर (छ.ग.).
जशपुर : जशपुर जिले के बागबहार क्षेत्र में युवक को रस्सी से बांधकर मारपीट करने का वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ही परिवार के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में उपयोग की गई रस्सी, डंडा और लोहे की सरिया भी जब्त कर ली है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रकरण का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 11 मई 2026 को पीड़ित प्रार्थी जोगेंद्र बढ़ाई उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम झारपारा बागबहार ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि दिनांक 29 अप्रैल 2026 को वह अपने घर में लकड़ी का काम कर रहा था, इसी दौरान उसके पड़ोसी आरोपी नवीन बंजारा व दिनेश बंजारा जो कि आपस में भाई हैं के द्वारा प्रार्थी को पागल कहते हुए, गंदी-गंदी गाली दी जा रही थी। प्रार्थी के द्वारा गाली देने का कारण पूछने पर, आरोपी गण के द्वारा नाराज होकर अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर प्रार्थी को पागल कहते हुए रस्सी से बांधकर उसके साथ मारपीट की गई थी, इस दौरान गांव के ही एक व्यक्ति के द्वारा मारपीट का वीडियो बना लिया गया था।
प्रकरण में पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), 127(2), 191(2)(3), 190 व 333 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच विवेचना में लिया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा मामले से जुड़े चार आरोपियों क्रमश: – 1. नवीन बंजारा उम्र 35 वर्ष, 2. भगवती बंजारा उम्र 60 वर्ष, 3. दिनेश बंजारा उम्र 42 वर्ष, 4. अंजुलता बंजारा उम्र 31 वर्ष सभी निवासी ग्राम झारपारा बागबहार, थाना बागबहार जिला जशपुर (छ.ग.) को हिरासत में लिया गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपीगणों के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के द्वारा उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त रस्सी, डंडा व लोहे की सरिया को भी जप्त किया गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व आरोपियों के गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा, प्रधान आरक्षक लव कुमार चौहान, आरक्षक अजय खेस, आरक्षक यशवंत सिदार, आरक्षक पवन पैंकरा व महिला आरक्षक शांति लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि बागबाहर क्षेत्रांतर्गत एक युवक को रस्सी से बांध कर मारपीट करते हुए वायरल वीडियो के मामले में पुलिस ने पीड़ित प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बागबहार में अपराध दर्ज किया था, मामले से जुड़े चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

