पत्थलगांव में स्वच्छता का संदेश : किलकिला शिव मंदिर और गौशाला परिसर में चला विशेष सफाई अभियान, जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने मिलकर दिया स्वच्छ भारत का संदेश
जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशानुसार पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत प्रसिद्ध किलकिला शिव मंदिर परिसर और गौशाला क्षेत्र में व्यापक स्तर पर स्वच्छता कार्य किया गया।
स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और मंदिर परिसर, आसपास के क्षेत्र तथा गौशाला परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाने में योगदान दिया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन का मुख्य उद्देश्य केवल शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव-गांव और धार्मिक स्थलों तक स्वच्छता की भावना को मजबूत करना है। इसके माध्यम से कचरा प्रबंधन, स्वच्छ परिवेश और जनजागरूकता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता का सकारात्मक संदेश देखने को मिला।

