थाना कांसाबेल क्षेत्रांतर्गत ग्राम सुजीबहार में एक 26 वर्षीय युवक ने किडनी की बीमारी से परेशान होकर, अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर की आत्महत्या, पुलिस ने मर्ग कायम कर किया शव का पंचनामा.
मृतक बैंगलोर में रहकर करता था काम, वहीं बीमार होने पर परिजन लेकर आये थे वापस.
ईलाज के दौरान पता चला दोनों किडनी हो गई थी फेल, जिससे युवक रहता था परेशान.
नाम मृतक अविनाश टोप्पो उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम सुजीबहार, थाना कांसाबेल, जिला जशपुर (छग).
जशपुर : जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां गंभीर किडनी बीमारी से जूझ रहे 26 वर्षीय युवक ने मानसिक तनाव में आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बैंगलोर में काम करने वाला युवक इलाज के लिए कुछ दिन पहले ही अपने गांव लौटा था, लेकिन दोनों किडनी फेल होने की जानकारी मिलने के बाद वह लगातार परेशान रहने लगा था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 06 मई 2026 को ग्राम सुजीबहार निवासी सूचक सैहुन टोप्पो उम्र 50 वर्ष ने थाना कांसाबेल में उपस्थित होकर इंटीमेशन चाक कराया कि उसका बेटा मृतक अविनाश टोप्पो उम्र 26 वर्ष, बैंगलोर में रहकर काम करता था, के द्वारा दिनांक 01 मई 2026 को घर में फोन कर बताया गया कि उसका तबियत खराब है, अतः उसे लेने आओ। जिस पर परिजनों के द्वारा उसे ट्रेन से कोरबा तक आने को कहा गया, फिर वहां से दिनांक 03 मई 2026 को परिजनों के द्वारा मृतक अविनाश को लेकर, घर लाया गया था। दिनांक 04 मई 2026 को उसे ईलाज हेतु जशपुर लाया गया था, जहां जांच पश्चात पता चला कि अविनाश की दोनों किडनी खराब हो गई है, जिस कारण मृतक अविनाश परेशान रहने लगा था। इसी दौरान दिनांक 06 मई 2026 को सूचक, किसी काम से पड़ोसी ग्राम चोंगरीबहार गया हुआ था, कि शाम करीबन 04:00 बजे उसकी पत्नी ने फोन कर बताया कि अविनाश के द्वारा अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली गई है।
सूचना पर थाना कांसाबेल पुलिस के द्वारा मर्ग कायम कर, घटना-स्थल के निरीक्षण व शव पंचनामा हेतु सुजीबहार में घटना-स्थल रवाना हुआ गया, पुलिस के द्वारा शव पंचनामा कर, शव का डॉक्टर से पोस्ट मार्टम भी कराया गया है, अग्रिम कार्यवाही जारी है।

