मोटर साइकिल चोरी के तीन प्रकरणों में दो आरोपी गिरफ्तार, 1.5 लाख का मशरुका जप्त.
थाना मणीपुर पुलिस द्वारा मोटर साइकिल चोरी के प्रकरण में आरोपियों के विरूद्ध की गई सख्त कार्यवाही.
आरोपियों के कब्जे से चोरी गई तीन मोटर साइकिल वाहन कुल कीमत मशरुका लगभग 1.5 लाख रुपये किया गया जप्त.
अंबिकापुर : अंबिकापुर में लगातार बढ़ रही मोटर साइकिल चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। मणीपुर थाना पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए चोरी के तीन मामलों का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1.5 लाख रुपये कीमत की तीन मोटर साइकिल बरामद की गई हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर गिरोह पर बड़ी चोट मानी जा रही है।
डीआईजी एवं एसएसपी श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन पर थानों में पंजीबद्ध प्रकरणों के आरोपियों की धर-पकड़ एवं गिरफ्तारी कार्यवाही लगातार पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है। इसी कड़ी में थाना मणीपुर पुलिस के द्वारा मोटर साइकिल चोरी के प्रकरण में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया एवं उनके कब्जे से तीन चोरी गई मोटर साइकिल वाहन जप्त कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी बृजलाल पैंकरा पिता दुर्बल पैंकरा निवासी असोला थाना कोतवाली जिला सरगुजा के द्वारा दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को थाना मणीपुर उपस्थित होकर इस आशय का रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि दिनांक 30 अक्टूबर 2025 को शाम करीब 05:00 बजे अपने मोटर साईकिल सीडी डिलक्स वाहन क्रमांक सीजी 15 सीके 6337 को लेकर जिला अस्पताल अम्बिकापुर ईलाजरत अपने भाई के लिए खाना पहुंचाने गया था तथा मोटर साइकिल को अस्पताल के स्टैण्ड में खड़ा किया था। करीब 05:45 बजे जब वह वापस आया तो देखा कि मोटर साइकिल खडे़ किए स्थान पर नहीं है, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ले गया था। जिसकी रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के विरूद्ध अपराध क्रमांक 300/2025 धारा 303(3), 111(1) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
प्रकरण पंजीबद्ध करने के उपरांत अज्ञात आरोपी की पता-तलाश लगातार की जा रही थी। विवेचना के दौरान मुखबीर की सूचना के आधार पर मोटर साईकिल चोरी के पूर्व आरोपी सद्दाम हुसैन पिता सहादत हुसैन उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम बकना थाना लुण्ड्रा एवं राम बहादुर दास उर्फ बहादुर पिता देवप्रसाद दास, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम डंडगांव थाना लुण्ड्रा को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर मेमोरेण्डम कथन लिया गया। जिन्होनें अपने कथन में बताया कि सद्दाम हुसैन, राम बहादुर और दीपक प्रजापति पिछले कई सालों से साथ मिलकर मोटर साइकिल चोरी करने का काम करते आ रहे हैं। चोरी वाहन को तीनों मिलकर चोरी कर बिक्री करते थे, और पैसे को आपस में बांट लेते थे। पिछले साल अक्टूबर माह में तीनों मिलकर जिला अस्पताल अम्बिकापुर से मोटर साईकिल एक हीरो होण्डा सीडी डिलक्स, माह फरवरी में चांदो बाजार थाना लखनपुर क्षेत्र से मोटर साईकिल स्प्लेण्डर, माह मार्च में बुधवारी बाजार अजिरमा से मोटर साइकिल होण्डा ड्रीम युगा, माह अप्रैल में बरडी गांव थाना धौरपुर क्षेत्र से एक हीरो एचएफ डिलक्स चोरी किये थे। थाना लखनपुर से चोरी मोटर साईकिल स्प्लेण्डर को दीपक प्रजापति अपने पास रखा था, जिस मामले में आरोपी दीपक प्रजापति को पूर्व में चालान किया जा चुका है। शेष तीन मोटर साइकिल वाहन कुल कीमत मशरुका लगभग 1.5 लाख रुपये को आरोपी सद्दाम हुसैन और राम बहादुर के कब्जे से बरामद कर जप्त किया गया है।
प्रकरण में आरोपी सद्दाम हुसैन पिता सहादत हुसैन उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम बकना थाना लुण्ड्रा एवं राम बहादुर दास उर्फ बहादुर पिता देवप्रसाद दास, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम डंडगांव थाना लुण्ड्रा के विरूद्ध अपराध सबूत पाये जाने से विधिवत् कार्यवाही कर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
आरोपीगण के कब्जे से जप्त मोटर साइकिल वाहन – दो नग एच एफ डिलक्स, एक नग होण्डा ड्रीम युगा.
इस प्रकरण की सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी मणीपुर उपनिरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक अनिल सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अनिल पाण्डेय, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र जांगडे, आरक्षक उमाशंकर साहू, आरक्षक सत्येन्द्र दुबे, आरक्षक निरंजन बड़ा, आरक्षक रमाशंकर यादव, सैनिक दिनेश यादव, साइबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा, आरक्षक मनीष सिंह, आरक्षक अशोक यादव, थाना लखनपुर से प्रधान आरक्षक अजय पाण्डेय, आरक्षक जगेश्वर बघेल, थाना गांधीनगर से सहायक उपनिरीक्षक विरेन्द्र कुजूर, आरक्षक राहुल सिंह, आरक्षक रमन मण्डल इत्यादि की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

