कुनकुरी में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक के पहिए तले कुचला युवक, मौके पर मौत – दूसरा गंभीर घायल
कुनकुरी : नगर के बीच से गुजरने वाली नेशनल हाईवे 43 पर बुधवार शाम करीब 7 बजे एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। डुगडुगिया पावर हाउस के सामने हुए इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार दो युवक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी अचानक सड़क पर बैठे मवेशी से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने गिर चुके युवक को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में संदीप राम (28 वर्ष) पिता दिनेश राम, निवासी ग्राम पण्डरीपानी, का सिर ट्रक के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथ बाइक पर सवार प्रकाश राम (60 वर्ष) पिता लालदेव राम गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश यादव अपनी पेट्रोलिंग टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल प्रकाश राम को पुलिस वाहन से तुरंत कुनकुरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात को सुचारू कराया।
थाना प्रभारी राकेश यादव के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक मवेशी से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके चलते यह भयावह दुर्घटना हुई। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना की खबर मिलते ही मृतक और घायल के परिजन थाने पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन हो गया। पूरे क्षेत्र में इस हादसे के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।

