गौ तस्कर, जंगल के रास्ते पैदल ले जा रहे थे गौ वंशों को, सूचना पर पुलिस ने धर दबौचा, मामला थाना बागबहार क्षेत्रांतर्गत का.
आरोपी गौ तस्करों के विरुद्ध थाना बागबहार में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 6,10 व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध.
मामले में एक आरोपी फरार, पुलिस ने कर लिया है चिन्हित, पतासाजी जारी, शीघ्र ही किया जायेगा गिरफ्तार.
नाम गिरफ्तार गौ तस्कर क्रमशः -1. तरुण चौहान उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम फरसा टोली, थाना बागबहार, जिला जशपुर छ.ग., 2. शोभन नागवंशी, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम खाडामाचा, थाना बागबहार जिला जशपुर छ.ग., 3. सीता राम नागवंशी, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम कुकरगांव, थाना बागबहार, जिला जशपुर छ.ग.
जशपुर : जशपुर पुलिस ने “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत गौ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। जंगल के रास्ते उड़ीसा ले जाए जा रहे इन पशुओं को पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए बचाया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। लगातार चल रहे इस अभियान से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि एक फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
जशपुर जिले के पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी है। जशपुर पुलिस लगातार गौ तस्करों के विरुद्ध कार्यवाही कर रही है। इसी क्रम में जशपुर पुलिस को थाना बागबहार क्षेत्रांतर्गत 12 नग गौ-वंशों को तस्करों से मुक्त कराने में सफलता मिली है, साथ ही 03 आरोपी गौ तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 22 मार्च 2026 को थाना बागबहार पुलिस की टीम, किसी शिकायत की जांच हेतु ग्राम कुकरगांव व खड़ामाचा की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम खड़ामाचा से राजाअंबा के जंगल के रास्ते कुछ व्यक्ति, भारी मात्रा में गौ-वंशों को पैदल हांक कर, बेरहमी पूर्वक मारते हुए, उड़ीसा राज्य की ओर जल्दी-जल्दी ले जा रहे है। जिस पर थाना बागबहार पुलिस के द्वारा मुखबिर की सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, तत्काल, मुखबिर के बताए स्थान पर जाकर देखा तो पाया कि चार संदिग्ध व्यक्ति गौ-वंशों को बेरहमी पूर्वक मारते हुए, जल्दी जल्दी ले जा रहे हैं। जिस पर पुलिस टीम के द्वारा संदिग्ध गौ तस्करों की धर पकड़ हेतु, घेरा बंदी की गई, पुलिस को देख कर, संदिग्ध गौ तस्करों के द्वारा भागने का प्रयास किया गया, परंतु पुलिस के द्वारा पीछा करते हुए, तीन संदिग्ध गौ तस्करों को पकड़ने में सफलता मिली, एक तस्कर जंगल का फायदा उठा कर फरार हो गया।
पकड़े गए तीन संदिग्ध गौ तस्करों ने पूछताछ में अपना नाम क्रमशः 1. तरुण चौहान उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम फरसा टोली, थाना बागबहार, जिला जशपुर छ.ग., 2. शोभन नागवंशी, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम खाडामाचा, थाना बागबहार जिला जशपुर छ.ग., 3. सीता राम नागवंशी, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम कुकरगांव, थाना बागबहार, जिला जशपुर छ.ग का रहने वाला बताया तथा बताया कि उनके द्वारा उक्त गौ-वंशों को उड़ीसा राज्य ले जाया जा रहा था। पुलिस के द्वारा उक्त तीनों गौ तस्करों से, गौ-वंशों से संबंधित दस्तावेजों की मांग किए जाने पर, उनके द्वारा कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका। जिस पर पुलिस के द्वारा तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर, उनके कब्जे से 12 नग गौ-वंशों को सकुशल बरामद किया गया। पुलिस के द्वारा सभी गौ-वंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस ने पकड़े गए गौ तस्करों की निशानदेही पर फरार गौ तस्कर को भी चिन्हित कर लिया है, जिनकी पतासाजी जारी है, जिसे शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।
जशपुर पुलिस के द्वारा मामले में उक्त तीन संदिग्धों के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त सबूत पाए जाने पर, उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व गौ-वंश सहित आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक हरिशंकर राम, प्रधान आरक्षक अरविंद साय पैंकरा व आरक्षक अनिल चौहान, आरक्षक पवन पैंकरा व आरक्षक अजय खेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस अंत्यंत संवेदनशील है, बागबहार क्षेत्रांतर्गत 12 नग गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाते हुए, तीन आरोपी तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। एक फरार गौ तस्कर की पतासाजी जारी है, जिसे भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा, गौ तस्करी में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा, गौ तस्करों के विरुद्ध जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी है।

