उचित मूल्य दुकानों की E-POS मशीन और मेरा ई-केवाईसी ऐप से भी मिल रही सुविधा
जशपुर : भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के निर्देशानुसार “एक राष्ट्र एक राशन कार्ड” योजना के अंतर्गत राज्य में सभी राशन कार्ड धारियों को आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न वितरण किया जाना है। इस संबंध में कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले के सभी राशन कार्ड धारियों का ई-केवाईसी कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। साथ ही कलेक्टर श्री व्यास ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि जिन पंजीकृत हितग्राहियों ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराया है, वे भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए अनिवार्य रूप से अपना ई-केवाईसी जल्द से जल्द पूरा कराएं।
जिला खाद्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत 2,66,620 राशन कार्ड प्रचलित हैं, जिनमें 9,23,233 सदस्य पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक 8,16,193 सदस्यों का ई-केवाईसी पूर्ण किया जा चुका है, जबकि 1,07,040 सदस्यों का ई-केवाईसी किया जाना शेष है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों को ई-केवाईसी से छूट प्रदान की गई है। हितग्राहियों की सुविधा के लिए राज्य की शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में संचालित ई-पॉस (E-POS) मशीनों के माध्यम से ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अतिरिक्त हितग्राही मेरा ई-केवाईसी ऐप के माध्यम से भी स्वयं ई-केवाईसी कर सकते हैं। यह ऐप एंड्रॉयड मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। ऐप में राज्य का चयन कर आधार नंबर दर्ज करने और ओटीपी सत्यापन के बाद फेस ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

