कलेक्टर रोहित व्यास ने एनकोर्ड के कार्यों की समीक्षा
अवैध मादक पदार्थों की खेती और उत्पादन पर सख्त कार्यवाही के दिए निर्देश
पीडीएस दुकानों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने हेतु किया निर्देशित
जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनकोर्ड) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, सहायक कलेक्टर श्री अनिकेत अशोक, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश पाटनवार, सभी एसडीएम, एसडीओपी सहित स्वास्थ्य, आबकारी, पुलिस, यातायात एवं परिवहन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर श्री व्यास ने जिले में कोटपा एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अब तक की गई कार्यवाहियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि कहीं भी गुप्त रूप से अवैध मादक पदार्थों की खेती या उत्पादन किया जा रहा हो तो उस पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की सूचना देने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कृत भी किया जाएगा। उन्होंने सभी पीडीएस दुकानों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या घटना की स्थिति में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध हो सके और कार्रवाई के लिए ठोस आधार मिल सके। कलेक्टर श्री व्यास ने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री की सूचना मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा उन्होंने जिले के सभी ढाबों एवं होटलों का नियमित निरीक्षण करने तथा कहीं भी मादक पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

