वनभूमि में अवैध उत्खनन पर वन विभाग की सख्त कार्यवाही – जे.सी.वी. मशीन जप्त, वन अपराध प्रकरण दर्ज
जशपुर : वनमण्डल जशपुर अंतर्गत वनभूमि में अवैध उत्खनन के विरुद्ध वन विभाग द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए एक जे.सी.बी. मशीन को जप्त किया गया है तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 11.03.2026 को मुखबिर के माध्यम से सूत्तना प्राप्त हुई कि वन परिक्षेत्र बगीत्ता के परिसर रंगले अंतर्गत कक्ष क्रमांक पी-1379, ग्राम बेंद में जे.सी.बी. मशीन के माध्यम से वनभूमि में अतिक्रमण करते हुए अवैध उत्खनन किया जा रहा है। सूचना प्राप्त होते ही वनमण्डलाधिकारी जशपुर श्री शशि कुमार “भा.व.से.” के निर्देशानुसार वन परिक्षेत्राधिकारी बगीचा सुश्री यशस्वी मौर्य (प्रशिक्षु भा.व.से.) द्वारा तत्काल वन अमले की टीम गठित कर लगभग 12:06 बजे मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया।
वन अमले के मौके पर पहुंचने की जानकारी मिलते ही कक्ष क्रमांक पी-1379 में जे.सी.बी. मशीन से खुदाई कर रहे वाहन चालक द्वारा अवैध उत्खनन कार्य को तत्काल बंद कर दिया गया तथा जे.सी.बी. मशीन को मौके से हटाते हुए ग्राम रंगपुर निवासी श्री हेमन्त राम वल्द मंगल राम, जाति पहाड़ी कोरवा के घर के सामने स्थित कच्ची सड़क के किनारे खड़ा कर दिया गया। वन विभाग की टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए उक्त स्थल पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया गया। वन अमले द्वारा उक्त पीले रंग की जे.सी.बी. मशीन (चेसिस नम्बर RAJ3DX54E03490013, इंजन नम्बर 55E2208) को विधिवत जप्त करते हुए आवश्यक जप्ती कार्यवाही की गई। मौके के निरीक्षण में पाया गया कि वनभूमि कक्ष क्रमांक पी-1379 में लगभग 0.178 हेक्टेयर क्षेत्र में अवैध उत्खनन किया गया है, जिससे वनभूमि को क्षति पहुंचने के साथ-साथ वहां की प्राकृतिक संस्चना एवं जैव विविधता को भी नुकसान होना पाया गया।
मौके पर उपस्थित व्यक्तियों से पूछताछ एवं पंचनामा के आधार पर वाहन चालक श्री रूपेश यादव वल्द बिरेंद्र कुमार, साकिन महनई, श्री रमेश यादव वल्द राजेश्वर, साकिन महनई, श्री अखिलेश यादव वल्द श्यामजी यादव, साकिन मुढ़ी, तथा श्री पिताम्बर यादव एवं रामजी यादव, साकिन सुलेसा के बयान लिए गए। प्राप्त बयानों के अनुसार जप्त की गई जे.सी.बी. मशीन का मालिक श्री मिथलेश यादव वल्द बालगोविन्द यादव, जाति महकुल, साकिन गुम्हारकोना के कहने पर उक्त अवैध उत्खनन कार्य किया जाना पाया गया।
उक्त कृत्य से वनभूमि को क्षति पहुंचने एवं जैव विविधता को नुकसान होने के कारण संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 21498/01 दिनांक 12.03.2026 पंजीबद्ध कर नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
वन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि वनभूमि में किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण, उत्खनन अथवा अन्य अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि उनके संज्ञान में वन क्षेत्र में किसी प्रकार की अवैध गतिविधि आती है तो उसकी सूचना तत्काल वन विभाग को उपलब्ध कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

