जशपुर : कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान प्रतियोगिताओं के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी, किसान अभी भी भर सकते हैं आवेदन जशपुर जिले में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों एवं नवीन खेती पद्धतियों की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा आयोजित किया जाने वाला “कृषि क्रांति एक्सपो”, जो दिनांक 08 मार्च 2026 से प्रारंभ होना प्रस्तावित था, अपरिहार्य कारणों से अगली सूचना तक स्थगित किया जाता है।
उक्त कृषि एक्सपो में आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन, नवीन कृषि तकनीकों की जानकारी, कृषि विशेषज्ञों के व्याख्यान, प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा कृषि आधारित प्रदर्शनी आयोजित की जानी थी। इस आयोजन का उद्देश्य किसानों को नवीन कृषि तकनीकों से जोड़ते हुए उत्पादन एवं आय में वृद्धि के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के कृषकों को प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न किसान प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। इनमें प्रमुख रूप से-
उत्कृष्ट किसान प्रतियोगिता
उत्कृष्ट मत्स्य पालक किसान प्रतियोगिता
उत्कृष्ट बीज संरक्षक किसान प्रतियोगिता
उन्नत बीज उत्पादक किसान प्रतियोगिता
नवाचार करने वाले प्रगतिशील किसान
का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
किसान प्रतियोगिताओं के लिए आवेदन प्रक्रिया वर्तमान में जारी है। इच्छुक किसान अपने विकासखण्ड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी (SADO) कार्यालय, कृषि विस्तार अधिकारी अथवा कृषि कार्यालय से संपर्क कर आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं तथा निर्धारित जानकारी के साथ आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
कृषि क्रांति एक्सपो के आयोजन की नई तिथि शीघ्र ही सूचित की जाएगी। जिले के सभी कृषकों से अपील की जाती है कि अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं के लिए आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाएं।

