सड़कों का मरम्मत कार्य 15 जून तक पूरा करने के निर्देश
बलौदाबाजार : अविवादित नामांतरण, बंटवारा,सीमांकन जैसे राजस्व प्रकरण एवं अन्य स्थानीय समस्याओं का निराकरण तहसील एवं जनपद स्तर पर हो जाना चाहिए,इसके लिये लोगों को जिला कार्यालय न आना पड़े यह सुनिश्चित हो। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने यह निर्देश मंगलवार को समय -सीमा की बैठक में लंबित आवेदनों की समीक्षा के दौरान छोटी- छोटी समस्याओं से सबंधित आवेदनों की अधिक संख्या को दृष्टिगत रखते हुए अधिकारियों को दिये।
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग, पीएमज़ीएसवाय, सीएमज़ीएसवाय से समाबंधित सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन सड़कों की स्थिति अत्यंत खराब है उनकी चिन्हांकन कर प्राथमिकता से मरम्मत शुरू करें और सभी मरम्मत कार्य बारिश से पहले 15 जून तक पूरा कराएं। इसीतरह सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए ब्रेकर में सफ़ेद पट्टी लगाने, ब्लैक स्पॉट के पास संकेतक लगाने तथा शोल्डर ठीक सुधारने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि एप्रोच रोड को मुख्य मार्ग से सीधे नहीं मिलना चाहिए बल्कि दाएं -बाये ओर से घुमावदार ताकि दुर्घटना न हो। उन्होंने सड़क एवं अन्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखने और कोई समझौता नहीं करने के हिदायत दिये।
कलेक्टर श्री शर्मा ने जल जीवन मिशन के तहत हर -घर नल से जल पहुंचाने के कार्य के दौरान पाइप लाइन बिछाने में सड़क खोदकर फिर से भरने और गांव के अंतिम घर के नल पानी की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश पीएचई के अधिकारी को दिये। इसके साथ ही जल संरक्षण हेतु हैंडपम्प के पास सोखता गड्ढों का निर्माण करने कहा। कलेक्टर अटल मॉनिटरिंग पोर्टल द्वारा विभागों के लिये निर्धारित संकेतको के अनुसार लक्ष्य पूरा कर चैम्पियन जिला बनाने कहा।उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन,सीपीग्राम्स, जनशिकायत, कलेक्टर जनदर्शन, राजस्व न्यायालय आदि में लंबित आवेदनों का तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिये।
बैठक में डीएफओ गणवीर धम्मशील, सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या गौतम,अपर कलेक्टर सुश्री दीप्ति गौते, अभिषेक गुप्ता, अवध राम टंडन, निशा नेताम मड़ावी सहित एसडीएम, तहसील जनपद सीईओ एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

