रायपुर : राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा घोषित प्रत्याशी श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के स्मृति मंदिर में पहुंचकर पार्टी के महान नेताओं की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर आशीर्वाद लिया।
प्रदेश कार्यालय के स्मृति मंदिर में श्रीमती वर्मा ने डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी, राजमाता विजयाराजे सिंधिया तथा कुशाभाऊ ठाकरे की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे भाजपा प्रदेश कार्यालय से विधानसभा भवन के लिए रवाना हुईं, जहां उन्होंने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उनके साथ मौजूद रहे। उनके साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद और विधायक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय तथा केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू भी मौजूद थे।

इसके अलावा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री केदार कश्यप, टंकराम वर्मा, दयालदास बघेल, लक्ष्मी रजवाड़े, श्याम बिहारी जायसवाल, गुरु खुशवंत साहेब और गजेंद्र यादव सहित अन्य मंत्रीगण कार्यक्रम में शामिल हुए।
सांसदों में बृजमोहन अग्रवाल, संतोष पांडेय, विजय बघेल, कमलेश जांगड़े तथा राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह की उपस्थिति भी रही। वहीं पूर्व मंत्री एवं विधायक अजय चंद्राकर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
इसके साथ ही भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी और डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश मंत्री अमित साहू, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, सह कार्यालय मंत्री प्रीतेश गांधी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नामांकन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि राज्यसभा चुनाव में श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को व्यापक समर्थन मिलेगा और वे छत्तीसगढ़ का प्रभावी प्रतिनिधित्व करेंगी।

