राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की चमक : रायपुर में आयोजित O&M कॉन्फ्रेंस में DSPM कोरबा पूर्व को राष्ट्रीय पुरस्कार, प्रदेश का बढ़ा मान, जनरेशन कंपनी को ‘सर्वश्रेष्ठ विद्युत केंद्र’ का सम्मान.

राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की चमक : रायपुर में आयोजित O&M कॉन्फ्रेंस में DSPM कोरबा पूर्व को राष्ट्रीय पुरस्कार, प्रदेश का बढ़ा मान, जनरेशन कंपनी को ‘सर्वश्रेष्ठ विद्युत केंद्र’ का सम्मान.

इंडियन पावर स्टेशन (ओ एंड एम) कॉन्फ्रेंस में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी को राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। रायपुर में एनटीपीसी व्दारा आयोजित इंडियन पावर स्टेशन ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस (O&M) कॉन्फ्रेंस के दौरान बिजली क्षेत्र की उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित किया गया। राजधानी के दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में जनरेशन कंपनी के अंतर्गत संचालित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत केंद्र,(डीएसपीएम) कोरबा पूर्व को वर्ष 2024-25 के लिए “सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला विद्युत केंद्र सम्मान” प्रदान किया गया।

यह प्रतिष्ठित सम्मान कंपनी के प्रबंध निदेशक एस. के. कटियार ने ग्रहण किया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर छत्तीसगढ़ विद्युत कंपनियों के अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।

यह सम्मान केंद्र के उत्कृष्ट उत्पादन, उच्च कार्यकुशलता तथा विश्वसनीय संचालन का प्रतीक है। सम्मेलन में विद्युत उत्पादन की गुणवत्ता, आपूर्ति की विश्वसनीयता, तापीय विद्युत केंद्रों की दक्षता तथा भविष्य में अक्षय ऊर्जा और ऊर्जा संचयन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर देशभर के विद्युत उत्पादन संगठनों के प्रतिनिधि एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

विशेषज्ञों ने बदलते ऊर्जा परिदृश्य में आधुनिक तकनीक तथा बेहतर प्रबंधन व्यवस्था अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस उपलब्धि से न केवल छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य का गौरव बढ़ा है। आयोजन के दौरान उपस्थित अतिथियों ने केंद्र की पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे राज्य के विद्युत क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और समर्पण का परिणाम बताया।

Chhattisgarh