थाना लुन्ड्रा पुलिस टीम द्वारा मामले में आरोपी के विरुद्ध की गई सख्त वैधानिक कार्यवाही.
जमीन हिस्सा नहीं देने की बात बोलने पर आरोपी नाती द्वारा नानी को ईट से गंभीर चोट कारित कर की गई थी हत्या.
आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाजरब एवं घटना के दौरान पहना गया टी-शर्ट किया गया जप्त.
गंभीर अपराधों में पुलिस टीम द्वारा की जा रही लगातार कड़ी कार्यवाही.
थाना लुण्ड्रा पुलिस द्वारा मर्ग एवं अपराध क्रमांक 22/26 धारा 103(1) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर की गई विवेचना.
अम्बिकापुर : रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात में थाना लुन्ड्रा पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में ले लिया है। जमीन विवाद में अंधे गुस्से का शिकार बनी एक बुज़ुर्ग महिला की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस की त्वरित और सख़्त कार्रवाई ने साफ संकेत दिया है कि गंभीर अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी किशुन केरकेट्टा साकिन ग्राम राता थाना लुण्ड्रा का रिपोर्ट दर्ज कराया कि प्रार्थी दिनांक 26 जनवरी 2026 को अम्बिकापुर गया था, तभी गांव के रिश्ते का भांचा प्रार्थी को फोन कर बताया कि प्रार्थी की फुआ सुन्दरिया बाई की मृत्यु हो गयी है, आ जाओं। तब प्रार्थी राता परसापारा आया यहां गांव के सरपंच व अन्य लोग उपस्थित मिले, तब यह पूछा क्या हो गया ? तो बताये कि सुन्दरिया का नाती बाबूलाल अपनी नानी सुन्दरिया को मार कर हत्या कर दिया है। प्रार्थी बाबूलाल किण्डो से पुछा तो बताया कि नानी सुन्दरिया जमीन को बड़ा भाई को दूँगी, तुमको नही दूँगी कहती थी, इसी आवेश में आकर ईंटा से सिर को गंभीर चोट कारित कर दिया एवं घर के कोना में रखे पेटी से मार कर हत्या करना बताया। सुन्दरिया बाई का मृत्यु बाबूलाल किण्डो के द्वारा ईंटा से सिर में मारपीट कर हत्या करने के कारण ही हुई है। प्रार्थी के रिपोर्ट पर मर्ग एवं अपराध क्रमांक 22/26 धारा 103(1) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा घटना-स्थल का निरीक्षण कर शव निरीक्षण किया गया, कथन, प्रार्थी, गवाहान, घटना-स्थल से जप्त आलाजरब एवं अन्य भौतिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्य से बाबुलाल किण्डो के द्वारा सुन्दरिया टोप्पो की हत्या करना सबूत पाये जाने से आरोपी बाबुलाल किण्डो को हिरासत में लेकर पुछताछ करने पर आरोपी द्वारा अपना नाम बाबुलाल किंडो आत्मज तिलसाय किंडो उम्र 22 वर्ष साकिन राता परसापारा थाना लुन्ड्रा का होना बताया। आरोपी से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ किये जाने पर अपराध घटित करना स्वीकार किया, आरोपी द्वारा घटना कारित करने के दौरान पहने गए टी-शर्ट को जप्त किया गया है। आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
इस प्रकरण की सम्पूर्ण कार्यवाही मे थाना प्रभारी लुन्ड्रा निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, महिला आरक्षक प्रेमा मरावी, आरक्षक राजकुमार यादव, आरक्षक इबनुल खान, आरक्षक सतीश कुमार सक्रिय रहे।

