जशपुर पुलिस ने फिर पकड़ा अलग-अलग थाना/चौकी क्षेत्रों में अवैध धान परिवहन करते दो पिक-अप व एक ट्रैक्टर से कुल 84 क्विंटल धान.
पकड़े गए धान की कीमत लगभग 1 लाख 93 हजार 200 रुपये, मामला थाना फरसाबहार, तुमला व चौकी पंडरा पाठ क्षेत्रांतर्गत का.
थाना फरसाबहार व तुमला क्षेत्रांतर्गत मामले में धान बिचौलिए, उड़ीसा की ओर से ला रहे थे धान, पुलिस को देख पिक-अप वाहन को छोड़ हो गए फरार.
फरसाबहार के मामले में पुलिस ने पिक-अप से 20 क्विंटल धान व तुमला के मामले में पिक-अप से 24 क्विंटल धान को पकड़, कार्यवाही हेतु सौंपा जिला प्रशासन को.
चौकी पंडरापाठ क्षेत्रांतर्गत मामले में धान बिचौलिए, किसी दूसरे के टोकन पर धान खपाने ट्रैक्टर से ले जा रहे थे धान, उपार्जन केंद्र, पुलिस ने सुलेसा में धर दबोचा.
ट्रैक्टर क्रमांक CG 14 MS 4571 से लगभग 100 बोरी में 40 क्विंटल धान को पकड़, कार्यवाही हेतु सौंपा जिला प्रशासन को.
अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस कर रही है लगातार कार्यवाही, अब तक 41 वाहनों से कुल 2,422 क्विंटल धान को पकड़ कर सौंप चुकी है, जिला प्रशासन को.
जशपुर : छत्तीसगढ़ में चल रहे धान खरीदी सीजन के बीच धान बिचौलियों की गतिविधियों पर जशपुर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। सरहदी इलाकों से लेकर जिले के भीतर तक अवैध धान परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में जशपुर पुलिस ने अलग-अलग थाना एवं चौकी क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पिक-अप और एक ट्रैक्टर से कुल 84 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। पुलिस की इस सख्ती से धान बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।
छत्तीसगढ़ में चालू धान खरीदी के सीजन में सरहदी राज्यों एवं राज्य के भीतर से अवैध रूप से धान को खपाने के प्रयास में लगे धान बिचौलियों पर जशपुर पुलिस कड़ी नजर रखी हुई है, जिसके लिए जहां सरहदी रास्तों पर नाकाबंदी की गई है, वहीं पुलिस की टीम संदिग्ध क्षेत्रों पर लगातार पेट्रोलिंग भी कर रही है, साथ ही पुलिस के मुखबिरी तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस के द्वारा जिले के विभिन्न थाना/चौकी क्षेत्रों में अब तक अवैध धान परिवहन करते 41 वाहनों से कुल 2,422 क्विंटल धान को पकड़ कर कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंपा जा चुका है, इसी क्रम में बीती रात्रि जशपुर पुलिस के द्वारा थाना तुमला, फरसाबहार व चौकी पंडरापाठ क्षेत्रांतर्गत अलग-अलग मामलों में अवैध धान परिवहन करते दो पिक-अप व एक ट्रैक्टर से कुल 84 क्विंटल धान को पकड़ा गया है।
थाना तुमला व फरसाबहार क्षेत्रांतर्गत मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 16 जनवरी 2026 से 17 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात्रि में लगभग 1:30 बजे, थाना तुमला की रात्रि गश्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा राज्य की ओर से गांझियाडीह होते हुए, एक सोल्ड बिना नंबर का संदिग्ध पिक-अप वाहन आ रहा है, जिसमें की भारी मात्रा में धान लोड है। जिस पर थाना तुमला की पुलिस टीम के द्वारा, हाथीबेड़ में ग्रामीण रास्ते पर नाका बंदी की गई थी। इसी दौरान पुलिस को देख संदिग्ध पिक-अप वाहन का चालक, पिक-अप वाहन को छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस के द्वारा जब संदिग्ध पिक-अप की तलाशी ली गई, तो उसमें त्रिपाल से ढंक कर रखा हुआ, लगभग 60 बोरी में 24 क्विंटल धान मिला, जिसे कि पुलिस के द्वारा जप्त कर लिया गया।
वहीं थाना फरसाबहार के मामले में भी पुलिस के द्वारा मुखबिर की सूचना पर सुबह करीबन 7:30 बजे धौरासांड के जंगल में एक संदिग्ध पिक-अप वाहन क्रमांक OD-16-A-4175 को पकड़ा गया है। जिसमें भी पिक-अप चालक, पुलिस को देख, पिक-अप वाहन को लावारिश हालत में छोड़ कर भाग गया था। पुलिस की तलाशी पर उक्त संदिग्ध पिक-अप में लगभग 50 बोरी में 20 क्विंटल धान मिला। पुलिस को संदेह है कि उक्त धान को उड़ीसा राज्य से छत्तीसगढ़ में खपाने हेतु लाया जा रहा था। दोनों ही मामलों में पुलिस के द्वारा पिक-अप वाहन सहित धान को पकड़ कर कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया है व पकड़े गए पिकअप वाहन के नंबर से, उनके मालिकों के सम्बन्ध में जानकारी जुटाई जा रही है।
इस प्रकरण की कार्यवाही में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, थाना प्रभारी फरसाबहार उपनिरीक्षक विवेक कुमार भगत, प्रधान आरक्षक फ्रांसिस बेक, आरक्षक संतोष राम, आरक्षक सुरेश एक्का, आरक्षक ईश्वर पैंकरा, आरक्षक मारियानुस एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
चौकी पंडरा पाठ क्षेत्रांतर्गत मामले का विवरण इस प्रकार है कि गत रात्रि को चौकी पंडरापाठ पुलिस भी रात्रि गश्त पर थी, इसी दौरान सुबह करीबन 03 से 04 बजे के मध्य, रास्ते में ग्राम सुलेसा के पास पुलिस को एक ट्रैक्टर आता हुआ दिखाई दिया, जिसमें की भारी मात्रा में धान बोरी लोड था, संदेह के आधार पर जब चौकी पंडरापाठ पुलिस के द्वारा उक्त संदिग्ध ट्रैक्टर के चालक से पूछताछ की गई, तो पता चला कि ट्रैक्टर चालक का नाम नारायण राम उम्र 43 वर्ष, निवासी सुलेसा है व वह धान को सुलेसा अम्बाडीपा के एक व्यक्ति सत्यपाल यादव उम्र 33 वर्ष के यहां से खरीदी गई धान को लेकर, शनिचरा राम नागेश उम्र 36 वर्ष के घर के जा रहा था। पुलिस के द्वारा उक्त धान को, किसी किसान के माध्यम से, धान उपार्जन केंद्र में खपाने के संदेह के आधार पर, धान के संबंध में वैध दस्तावेज व टोकन संबंधी दस्तावेज की मांग किए जाने पर उसके द्वारा कोई वैध दस्तावेज नहीं दिया जा सका। जिस पर पुलिस के द्वारा ट्रेक्टर सहित उसमें लोड 100 बोरी में लगभग 40 क्विंटल धान को जप्त कर, कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व अवैध धान परिवहन करते ट्रेक्टर को पकड़ने में चौकी प्रभारी पंडरापाठ उपनिरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी व आरक्षक बिलिचियुस एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस अवैध धान परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्यवाही कर रही है, फरसाबहार, तुमला व पंडरापाठ क्षेत्र से अलग-अलग मामलों में दो पिक-अप व एक ट्रैक्टर से 84 क्विंटल धान को पकड़ा गया है। छत्तीसगढ़ में धान खपाने वाले बिचौलियों के विरुद्ध कार्यवाही जारी रहेगी।

