ट्रक से 200 बोरी गुटखा बरामद, मामला थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत का.
प्राथमिक जांच में माल के बिल्टी नंबर व गाड़ी के नंबर में अंतर, अवैध परिवहन की संभावना.
मामले में पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 106 के तहत किया माल को जप्त, की जा रही है अग्रिम कार्यवाही.
जशपुर : जशपुर पुलिस के ऑपरेशन आघात के तहत नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई में आज बड़ी सफलता मिली है। थाना लोदाम क्षेत्र में पुलिस ने मुखबीर सूचना पर दो ट्रकों को घेराबंदी कर रोका, जिनसे 200 बोरी अवैध गुटखा बरामद किया गया। बिल्टी नंबर और वाहन नंबर में मेल नहीं मिलने पर पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 106 के तहत माल जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस ऑपरेशन आघात चला रही है, जिसके तहत जशपुर पुलिस लगातार नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्यवाही कर रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 29 नवंबर 2025 को जशपुर पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि दो ट्रक में भारी मात्रा में अवैध रूप से गुटखा का परिवहन किया जा रहा है।
जिस पर पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए थाना लोदाम क्षेत्र से उक्त दो संदेही अशोक लीलेंड ट्रक क्रमांक UP 78-0511 व UP 78-KT 7986 को घेराबंदी कर रोका गया। तलाशी लेने पर प्रत्येक ट्रक में 100-100 बोरी गुटखा मिला, पुलिस के द्वारा जब ट्रक के कागजात की जांच की गई, तो माल की बिल्टी का नंबर व गाड़ी के नंबर में अंतर था, जिस पर प्रथम दृष्टिया, गुटखा की अवैध रूप से परिवहन की संभावना पर पुलिस के द्वारा बीएनएसएस की धारा 106 के तहत माल को जप्त किया गया है व अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

