कुनकुरी 26 अगस्त 2025 : जशपुर जिले के कुनकुरी नगर से आज सुबह ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई जिसने पूरे नगर सहित आसपास के इलाकों को दहला दिया। बेंदरभदरा-इसलामनगर क्षेत्र स्थित एक घर में एक युवक ने अपनी ही माँ की बेरहमी से हत्या कर दी। वह केवल हत्या तक ही नहीं रुका बल्कि शव के कई टुकड़े कर दिए और उसके बाद हथियार लेकर लाश के पास ही घंटों से बैठा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर हजारों लोग जुट गए।
चार घंटे से आरोपी पुलिस को दे रहा चुनौती
मौके पर पहुंची कुनकुरी पुलिस ने जैसे ही आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, युवक हथियार लहराकर और भी आक्रामक हो गया। लगातार चार घंटे से पुलिस की टीम मौके पर डटी है लेकिन अब तक उसे काबू नहीं किया जा सका है। आरोपी की हरकतों से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई है।
वारदात का खौफनाक मंजर
मिली जानकारी के मुताबिक सुबह अचानक युवक ने अपनी माँ पर कुल्हाड़ी से हमला करना शुरू कर दिया। उसने इतने वार किए कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद युवक ने शव के कई टुकड़े कर दिए और हथियार हाथ में लेकर मृत मां की लाश के पास ही बैठ गया।
परिवार के अन्य सदस्य भी थे घर में
घटना के समय घर में आरोपी के अन्य परिजन भी मौजूद थे। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग दौड़े और किसी तरह परिवार के बाकी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। लेकिन युवक किसी को पास फटकने नहीं दे रहा है।
भीड़ उमड़ी, दहशत का माहौल
खौफनाक वारदात की खबर जैसे ही इलाके में फैली, देखते ही देखते सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। लोग घर के बाहर खड़े होकर अंदर की स्थिति देख रहे हैं, वहीं पुलिस लगातार आरोपी को काबू करने के लिए मशक्कत कर रही है।
हत्या का कारण अब तक स्पष्ट नहीं
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी युवक पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से असामान्य व्यवहार कर रहा था, लेकिन हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
पुलिस-प्रशासन की कड़ी चुनौती
पुलिस अधिकारी लगातार आरोपी से बातचीत कर उसे आत्मसमर्पण करने की समझाइश दे रहे हैं। लेकिन युवक किसी भी हाल में हथियार छोड़ने को तैयार नहीं है। इस बीच प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
यह वारदात न केवल कुनकुरी बल्कि पूरे जशपुर जिले के लिए सनसनीखेज बन चुकी है। हर कोई इस घटना से स्तब्ध है और लोग अब भी यही सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर बेटे ने अपनी ही माँ को इतनी बेरहमी से क्यों मौत के घाट उतार दिया?

