अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना आरंग में अपराध क्रमांक 360/25 धारा 303(2) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर की गई विवेचना.
गिरफ्तार आरोपी – हेमंत जाधव पिता प्रहलाद जाधव उम्र 48 साल निवासी प्लॉट नंबर 612, सुमीत लैण्डस्केप सेमरिया थाना विधानसभा रायपुर.
रायपुर. 08 जुलाई 2025 : रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में नहाते वक्त ट्रक चालकों के मोबाइल और नगदी रकम चोरी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी हेमंत जाधव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सीसीटीवी फुटेज और साइबर यूनिट की मदद से की गई। हेमंत जाधव पहले भी फर्जी क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर लाखों की ठगी कर चुका है और जेल जा चुका है।
प्रार्थी छगन लाल साहू ने थाना आरंग में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि वह ग्राम टेकारी (कुंडा) थाना मंदिर हसौद जिला रायपुर में रहता है तथा चालक का कार्य करता है। प्रार्थी दिनांक 14 जून 2025 को ट्रक क्रमांक सीजी/07/सीएम/4140 एवं उसका साथी ट्रक क्रमांक सीजी/07/सीएन/5240 में सीमेंट लेकर संबलपुर उडीसा गया था। दिनांक 18 जून 2025 को जब प्रार्थी एवं उसका साथी अपने अपने ट्रक को लेकर हिरमी के लिए निकले तथा दिनांक 19 जून 2025 को सुबह करीब 09:00 बजे आरंग के आगे कलई के तालाब के पास दोनों ट्रक को खडी कर नहा रहे थे, जिसके बाद तलाब से निकल कर देखे तो पाये की प्रार्थी तथा उसके कपड़े रखे हुए स्थान पर नहीं थे तथा कपड़ों में रखे मोबाईल फोन एवं नगदी रकम चोरी हो गये थे। कोई अज्ञात चोर प्रार्थी तथा उसके साथी के कपड़े, मोबाईल फोन तथा नगदी रकम चोरी कर फरार हो गया था। जिस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना आरंग में अपराध क्रमांक 360/25 धारा 303(2) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना आरंग पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी तथा उसके साथी से विस्तृत पूछताछ करते हुए घटना के संबध में पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों के द्वारा घटना-स्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ घटना-स्थल तथा उसके आस-पास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन करते हुए प्रकरण में मुखबीर लगाकर भी अज्ञात आरोपी की पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान टीम के सदस्यों को घटना में संलिप्त आरोपी हेमंत जाधव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा विधानसभा निवासी हेमंत जाधव की पतासाजी कर पकड़ा गया, घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा चोरी की उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया।
जिस पर आरोपी हेमंत जाधव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का मोबाईल फोन एवं घटना में प्रयुक्त 01 नग दोपहिया वाहन जप्त किया गया है। आरोपी हेमंत जाधव पूर्व में फर्जी क्राईम ब्रांच अधिकारी बनकर लाखों रूपये के ठगी के प्रकरण में जेल निरूद्ध रह चुका है।
इस प्रकरण की कार्यवाही में निरीक्षक राजेश सिंह थाना प्रभारी आरंग, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट से प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक राजेन्द्र कंवर, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र भार्गव, प्रधान आरक्षक जसवंत सोनी, आरक्षक मुनीर रजा तथा आरक्षक लक्ष्मी नारायण साहू तथा थाना आरंग सहायक उपनिरीक्षक अश्वनी चंद्रवंशी तथा आरक्षक महेन्द्र बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

